होली को लेकर चलेगा जांच और छापेमारी अभियान

झारखंड
Spread the love

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। होली को लेकर जिले में जांच और छापेमारी अभियान चलेगा। उक्‍त निर्देश उपायुक्‍त दिलीप कुमार टोप्‍पो ने दिये। उपायुक्‍त ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को मिठाईयों में मिलावट की आशंका को देखते हुए छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उत्पाद अधीक्षक को अवैध और जहरीली शराब से संबंधित छापेमारी अभियान चलाने का आदेश दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहनों का जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।

गाईडलाइन का पालन करें

उपायुक्त की अध्यक्षता में होली और होली और शब-ए-बारात के मद्देनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें उपायुक्त ने कहा कि इस वर्ष होलिका दहन 28 मार्च और होली 29 मार्च को मनाया जाना है। साथ ही शब-ए-बारात में 28 मार्च इबादत की रात है। होली एक ऐसा त्यौहार है, जिसमें सभी बंधन टूट जाते हैं। किसी भी धर्म के लोग खुशी-खुशी शामिल हो सकते हैं। कोई भी जबरदस्ती रंग किसी को नहीं लगायें। होली के साथ-साथ शब-ए-बारात 28 मार्च को है, जिसमें इस्लाम संप्रदाय के लोग पूरी रात इबादत करते हैं। दोनों धर्म के लोग इस दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपने-अपने त्यौहारों को मनायें। केंद्र सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम के लिए जारी गाईडलाईन का भी पालन करें।

बढ़ रहा है कोरोना का संक्रमण

उपायुक्त ने कहा कि कोराना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर वृद्धि देखने को मिल रही है। इस बार कोराना ने अपना स्वरूप बदल लिया है, जो ज्यादा घातक है। इसके साथ-साथ टीकाकरण का भी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष या इससे उपर की उम्र के व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में 60 वर्ष या इससे उपर की उम्र के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। साथ ही गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों जिनकी उम्र 45 से 59 वर्ष है, उन्हें भी कोरोना प्रतिरोधन का टीका लगाया जा रहा है।

पर्सनल कॉन्टैक्ट से बचे लोग

पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीणा ने कहा कि आप सभी इन त्यौहारों के दौरान पर्सनल कॉन्टैक्ट से बचें। होली में किसी के संपर्क में आये बिना होली खेलें। साथ ही मस्जिदों में इबादत के समय आवश्यक दूरी का भी पालन किया जाय। त्यौहारों में पुलिस प्रशासन असमाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर कोई भी व्यक्ति पुलिस को सूचित कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोरोना का टीका अवश्य लें। दोनों खुराक लेने के बाद ही आप सुरक्षित रहेंगे। इसके बाद भी मास्क व समाजिक दूरी का पालन निश्चित रूप से करते रहें।

निर्धारित समय पर करें होलिका दहन

अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल ने कहा कि होलिका दहन के लिए शुभ मुहूर्त रात्रि 9 बजे से 10.30 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान होलिका दहन कर लिया जाय। हुड़दंग करनेवालो पर कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रशासन तैयार है। किसी प्रकार का कहीं भी जुलूस नहीं निकलेगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए किसी भी मोहल्ले में लोग टोली निकालकर होली नहीं खेलें। शब-ए-बारात में भी लोग सामाजिक दूरी का पालन करें।

अन्य विभागों को भी निर्देश

उपायुक्त द्वारा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, लोहरदगा को सभी प्रखंडों में और नगर पर्षद लोहरदगा को शहरी क्षेत्रों में होली के दिन जलापूर्ति निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया। विद्युत कार्यपालक अभियंता को भी निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति करने का आदेश दिया गया। सिविल सर्जन को अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों निर्बाध रूप से चिकित्सीय व्यवस्था बहाल रखने का आदेश दिया गया।