रांची। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण समिति झारखंड द्वारा राज्यपाल श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की निधि से अभियान का शुभारंभ हुआ। राजभवन स्थित राज्यपाल के आवास में अभियान टोली के सदस्यों ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए समर्पण स्वरूप 51 हजार एक रुपये का चेक प्राप्त किया। इस अवसर राज्यपाल ने कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के आराध्य हैं। उनका जीवन अतुलनीय है। उनके जीवन से समस्त मानव में एक सद्भाव का प्रेरणा जगाता है। ऐसे आराध्य देव के मंदिर निर्माण में सहयोग करना हम अपने आप को भाग्यशाली समझ रहे हैं।
राजपाल से मिलने के बाद विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही ने कहा कि यह मात्र एक मंदिर नहीं, बल्कि हिंदू समाज के पिछले एक हजार वर्षों के तिरस्कार, उपेक्षा व गुलामी का परिमार्जन कर संपूर्ण देश को भारतीय संस्कृति व स्वाभिमान से जोड़ने का अभियान हैं। देश के 110 करोड़ हिंदुओं को लगाना चाहिए कि यह उनका मंदिर है। इसके लिए उन सभी का इसमें समर्पण आवश्यक है। विश्व हिंदू परिषद की अगुवाई में पूरा संघ विचार परिवार इस अभियान में शामिल होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल, भाजपा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, हिंदू जागरण मंच, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, राष्ट्रीय सेविका समिति, विद्या भारती, क्रीड़ा भारती, भारत विकास परिषद वनवासी कल्याण केंद्र समेत अन्य संगठन इस अभियान में शामिल होगा।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान झारखंड प्रांत के अभियान प्रमुख डॉ वीरेंद्र साहू ने कहा आज से पूरे प्रांत में निधि संग्रह का शुभारंभ किया गया। निधि संग्रह के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में धर्मावलंबियों के जुटने की संभावना है। कार्यकर्ता सभी के घर घर तक जा रहे हैं। भगवान राम का प्रतीक स्वरूप कूपन देते हुए समर्पण राशि ग्रहण कर रहे हैं। राशि ग्रहण कर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा एवं पंजाब नेशनल बैंक के खाता में प्रतिदिन डालेंगे। उन्होंने कहा 15 जनवरी से 27 फरवरी तक अयोध्या में बन रहे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए समिति के सदस्यों द्वारा हर घर संपर्क किया जाएगा।
राज्यपाल से मिलने वाले अभियान टोली के प्रतिनिधिमंडल में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ शाही, झारखंड प्रांत अभियान प्रमुख और विहिप के प्रांत मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू, सहप्रमुख व संघ के प्रांत सहकार्यवाह राकेश लाल, विहिप के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामस्वरूप रुंगटा, क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, वनवासी कल्याण केंद्र के प्रांत संगठन मंत्री सत्येंद्र सिंह, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नाथू गाड़ी, भारतीय किसान संघ के प्रशांत खाखा, अभियान कार्यालय सहप्रमुख अमर प्रसाद शामिल थे।