झारखंड के इस IAS ने फिर बताये सफलता के मंत्र, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

झारखंड
Spread the love

कोडरमा । झारखंड के कोडरमा जिले के उपायुक्त (आइएएस) रमेश घोलप। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। उनका काम करने का अंदाज जुदा है। काफी संघर्ष से वे यहां तक पहुंचे हैं। उनकी मां चूडियां बेचती थी। इसमें वह भी मां की मदद करते थे। सोशल मीडिया पर वे युवाओं को अक्सर सफलता के मंत्र देते रहते हैं। इस बार भी उन्होंने अपने फेसबुक में एक पोस्ट साझा किया है। यह काफी वायरल भी हो रहा है।

श्री घोलप ने अपनी बात एक कहानी से शुरू की है। वे कहते हैं, लोग क्या कहेंगे? यह सोच कई लोगों की प्रगति‍ में बाधा बनी है। मैनें एक तस्वीर के माध्यम से बतायी गयी एक कहानी पढ़ी थी। एक गधे को लेकर एक पति-पत्नी रास्ते से कही जा रहे थे। पहली तस्वीर में पति-पत्नी और गधा तीनों चल रहे थे। उनको देखकर लोग बोल रहे थे, ‘कितने मूर्ख है ये? चलकर ही जाना था तो गधे का क्या उपयोग?’ दूसरी तस्वीर में वह दोनों गधे पर बैठकर जा रहे थे। उसपर लोग बोल रहे थे, ‘कितने निर्दयी लोग हैं, दोनों एक गधे पर बैठे है। उस बेचारे जानवर के बारे में कुछ भी नहीं सोचा।’ बीवी को गधे पर बिठाकर खुद साथ में चल रहे तीसरी तस्वीर में लोग कह रहे थे, ‘देखो, बीवी का कितना गुलाम है।’ और चौथी तस्वीर में पति गधे पर बैठा था, बीवी साथ में चल रही थी। उस तस्वीर पर लोगों की प्रतिक्रिया थी, ‘देखो कितना सेल्फि‍श है। बीवी को चला रहा है और खुद गधे पर बैठकर आराम से जा रहा है।’

समझने की बात यह है कि‍ कुछ लोगों को सिर्फ निगेटिव सोचने और बुराइयां निकालने की आदत होती है। उनपर ध्यान मत दीजिये। कई हुनरमंद युवाओं के प्रयासों में बाधा डालने का काम ये लोग करते है। जीवन का रास्ता खुद चुनना होता है। उस रास्ते पर खुद के साथ ईमानदार रहकर सफर करना चाहिये। जो मैं कर रहा हूं वह काम सही है। लोगों के भले के लिये है ऐसा खुद को लगा तो उसे स्वीकार कर आगे बढ़ना चाहिये। जैसे गलत काम को गलत कहने वाले लोग हैं। वैसे ही सही काम को भी गलत कहकर हर कदम पर उसका गलत प्रचार करनेवाले लोग भी समाज में बहुत है। वो हर जगह आपको मिलेंगे। उनके साथ बिना बहस किये आगे बढ़ते रहना चहिए। अपना काम करते रहना चाहिये, क्योंकि अगर आप किसी मूर्ख व्यक्ति के साथ बहस करेंगे तो वह आपको उसकी लेवल पर लाकर छोड़ेगा। अगर कोई आपके खिलाफ प्रचार कर रहा है तो उसको नजर अंदाज करके खुद की सफलता के लिये शिद्दत से मेहनत करना, यही सबसे अच्छा जवाब है।

जब मैं सरकारी शिक्षक बना था, तो सिविल सेवा परिक्षा की तैयारी करने के लिये 2010 में नौकरी से इस्तीफा दिया था। उस समय लोग कहते थे, ‘पागल हो गया है ये, इसे रहने के लिये घर नहीं है, मां चूड़ियां बेचती है और इसने अच्छी खासी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया।’ और आगे जाकर 2012 में जब मैं आईएएस बना तो यही लोग बोलने लगे, ‘हिम्मत और खुद के उपर का भरोसा क्या होता है ये रमेश घोलप से सीखो। सरकारी नौकरी से इस्तीफा देने की हिम्मत दिखायी थी उसने। जो ठान लिया वह हासिल किया।’ ऐसे होते है कुछ लोग। लोग क्या कहेंगे, यही सोचता रहता तो आज मैं आईएएस नहीं होता।

भला आपकी जिंदगी के सपने और उसे सच कर दिखाने का साहस कोई और कर सकता है? नहीं न… तो फिर औरों के हिसाब से क्यों चलना… आपकी योग्यता, क्षमता, पसंद, सपने, ऊर्जा ये सब सिर्फ आपको पता होते है। उसके अनुसार निर्णय लेना चाहिये। लोग चाहे कुछ भी कहे, खुद के परिश्रम से वह निर्णय सही था, यह साबित करके दिखाना चाहिये। आपकी सफलता कभी ना गिरने में नहीं है, बल्कि गिरकर उठने में है। जब कोई बात आपके बस की नहीं है, ऐसा लोग कह रहे होते है, तभी वह कर के दिखाने में असली मजा होता है।

“मेहनत करना मत छोड़ो। प्रयास जारी रखो।
लड़ते रहो, गिरते रहो और आगे बढ़ते रहो।”