झारखंड में भयानक सड़क हादसा, बस के नीचे दबी कार

झारखंड
Spread the love

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में 30 दिसंबर को भयानक सड़क हादसा हुआ। इसमें बस के नीचे एक कार दब गई। गाड़ि‍यों को बचाने में एक ट्रक चट्टान से टकरा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया।

यह घटना जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित केंझियाघाटी में घटी। यहां सुबह तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई। हादसे में दो दर्जन लोगों को चोटें आई। एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया।

हादसा घाटी में एक बस के पलट जाने से हुआ। बस के पलटते ही पीछे से आ रही क्रेटा उसके नीचे दब गई। इसी बीच बस को बचाने में सामने से आ रहा ट्रक चट्‌टान से जा टकराया। इस हादसे में बस में सवार 20 यात्री, क्रेटा कार सवार दो और ट्रक का खलासी जख्मी हो गये।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नवल ट्रेवल नामक AC बस धनबाद से रांची जा रही थी। जैसे ही केंझियाघाटी में पहुंची, तीखा मोड़ होने की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान पीछे से आ रही क्रेटा कार बस से टकराई और उसके नीचे दब गई। लोग कुछ समझ पाते कि तभी सामने से आ रहा ट्रक, बस को बचाने के दौरान सड़क किनारे चट्‌टान से टकरा गया।

इस दुर्घटना में ट्रक का खलासी लोहरदगा निवासी आशिफ केबिन में बुरी तरह से फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए ट्रक को काटना पड़ा। आशिफ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। स्‍थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्‍पताल पहुंचाई।