
- प्रखंडों के एमआइएस को-ऑर्डिनेटर्स से भी स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। शिक्षा व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने और विभागीय कार्यों में लापरवाही को लेकर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सोमवार को अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी चेतावनी दी। समाहरणालय सभागार में शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित मानकों पर लगातार खराब प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रदर्शन में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ), बीपीओ/बीपीएम, बीआरपी/सीआरपी और एमआइएस को-ऑर्डिनेटर्स से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति समेत विभिन्न इंडिकेटरों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
छात्र उपस्थिति के मामले में चिनियां और केतार प्रखंड के बीपीओ का प्रदर्शन खराब पाया गया। इस पर उपायुक्त ने दोनों से स्पष्टीकरण मांगने और वेतन रोकने का निर्देश दिया। वहीं सगमा प्रखंड के बीपीओ का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं मिलने पर उनसे स्पष्टीकरण लेने को कहा गया। इसके अलावा अपार, आधार और एमबीयू से संबंधित कार्यों में 60 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले प्रखंडों के एमआइएस को-ऑर्डिनेटर्स से भी स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बीईईओ, बीपीओ/बीपीएम, बीआरपी और सीआरपी को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों का प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं है, वहां प्रधानाध्यापक और संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाये।
जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा दर्ज उपस्थिति के आधार पर ही मासिक परिलब्धि भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में कंपोजिट जिला रैंकिंग, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, आधार व बायोमेट्रिक अपडेट, विद्यालयों की आधारभूत संरचना, निपुण भारत मिशन, पीएम-श्री विद्यालय, पलाश कार्यक्रम, पीएम पोषण योजना, आइसीटी व स्मार्ट क्लास, स्वास्थ्य जांच, आयरन-फोलिक एसिड वितरण, सीपीडी प्रशिक्षण, प्रोजेक्ट रेल, यू-डायस, एसएमएस रिपोर्टिंग, एनआइएलपी/उल्लास कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गयी।
पीएम पोषण योजना की समीक्षा के दौरान विद्यालयों द्वारा एसएमएस के माध्यम से मध्याह्न भोजन संचालन की सूचना, खाद्यान्न वितरण, ऑनलाइन डाटा एंट्री, प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग-कम-मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक और किचेन-सह-स्टोर मरम्मत की स्थिति की जानकारी ली गयी। उपायुक्त ने बच्चों को मेनू के अनुरूप पौष्टिक एवं पूरक आहार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजना में किसी भी तरह की अनियमितता अथवा लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में शिक्षा विभाग की ओर से डीईआईसी और जिला शिक्षा प्रदर्शन समीक्षा इंडिकेटरों में जिले का प्रदर्शन बेहतर करने के लिए तैयार कार्ययोजना ‘‘गढ़वा लर्न्स, गढ़वा लीड्स’ की जानकारी दी गयी। इसके तहत मिशन रेड अलर्ट, गढ़वा स्पीक्स, स्मार्ट क्लास फॉर ए स्मार्टर माइंड, परख, पीएम पोषण, ग्रीन स्कूल-क्लीन स्कूल, इग्नाइट इनोवेशन और डेस्टिनेशन सहित कई गतिविधियों पर काम किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यालयों में नामांकन और छात्र उपस्थिति बढ़ाने, बच्चों के छीजन को रोकने तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सुधार पर जोर दिया जा रहा है। बच्चों में अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने के लिए भी विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज समेत सभी बीईईओ, बीपीओ/बीपीएम, बीआरपी/सीआरपी, एमआइएस को-ऑर्डिनेटर्स एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

