त्योहारों को लेकर खाद्य प्रतिष्ठानों में छापेमारी, इन दो दुकानों पर कार्रवाई

झारखंड
Spread the love

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। रक्षाबंधन, दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को गढ़वा शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों और होटलों का निरीक्षण किया गया।

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएस सिंह और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने संयुक्त रूप से जांच अभियान चलाया।

अधिकारियों ने दानरो नदी के समीप स्थित न्यू प्लाजा होटल, आकाशगंगा होटल, ग्वावल स्वीट्स, प्रकाश स्वीट्स, बसंती मिठाई और मां जगदंबा स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

न्यू प्लाजा होटल में अधिक रंग का इस्तेमाल मिला। जांच के दौरान जलेबी में अधिक मात्रा में रंग का उपयोग पाया गया। साफ-सफाई में भी कमी मिली। अधिकारियों ने रसमलाई का नमूना जांच के लिए लिया। संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।

आकाशगंगा होटल पर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण के दौरान यहां साफ-सफाई की भारी कमी और जलजमाव पाया गया। अधिकारियों ने छेना रसगुल्ला का नमूना जांच के लिए लिया।

आठ किलो खराब मिठाई नष्ट करायी। ग्वावल स्वीट्स के फ्रीजर में पांच किलो और मां जगदंबा स्वीट्स में तीन किलो खराब मिठाई का स्टॉक मिला। जांच टीम ने तत्काल दोनों प्रतिष्ठानों से मिली कुल आठ किलो खराब मिठाई को नष्ट कराया। इसके अलावा अन्य मिठाइयों के नमूने भी जांच के लिए लिये गये।

रंका मोड़ स्थित प्रकाश स्वीट्स और बसंती मिठाई समेत अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गयी। यहां खाद्य पदार्थ और व्यवस्था खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पायी गयी।

निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के साथ ही व्यवसाय संचालित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिष्ठान में लाइसेंस रखना अनिवार्य है।

मिठाइयों को ढककर रखने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गयी।

मौके पर खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मी विवेक तिवारी, संतोष कुमार समेत अन्य मौजूद थे।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *