
आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। लोहरदगा पुलिस ने अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में लूट के प्रयास, पतराटोली पेट्रोल पंप पर छिनतई की कोशिश और प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार की गोली मारकर हत्या का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने शनिवार को मीडिया को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई, 2026 को शाम करीब 4:35 बजे अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो अपराधियों द्वारा लूट का प्रयास किया गया। इसके लगभग एक घंटे बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर छिनतई का प्रयास किया गया। फिर,समीप के निधि कॉम्प्लेक्स स्थित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों आरोपियों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव (कुरसे, लोहरदगा) और हसमथ राजा (पतागांई, घाघरा, गुमला) के रूप में हुई। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
तकनीकी जांच के आधार पर 1 अगस्त की सुबह लोहरदगा थाना क्षेत्र के ओयना गांव स्थित एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई।
पूछताछ में मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने बताया कि खत्री ज्वेलर्स में पहले कान की बाली खरीदने के दौरान दुकानदार से विवाद हुआ था। घटना वाले दिन सोने की चेन खरीदने के दौरान भी कहासुनी होने पर उसने हथियार दिखाकर लूट का प्रयास किया। हालांकि, दुकानदार ने उसका हथियार छीनकर उसे दुकान से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद दोनों आरोपी बड़की चांपी से दूसरा हथियार लेकर पतराटोली पहुंचे, जहां पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास किया। वहां असफल रहने के बाद उन्होंने प्रिया स्टोर संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी। उसे संदेह था कि शुभम कुमार उसकी गतिविधियों की सूचना देता था। इसी संदेह में उसने शुभम कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की है। हालांकि इस दावे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में छापेमारी जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव के विरुद्ध रांची के नामकुम थाना सहित लोहरदगा और सेन्हा थाना में लूट, हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले पूर्व से दर्ज हैं।
कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा ने किया। टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किस्को दिवाकर कुमार, थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, अंचल निरीक्षक चन्द्रशेखर आजाद सहित लोहरदगा, किस्को थाना, अपराध शाखा, विधि शाखा, तकनीकी शाखा एवं सिविल दस्ता के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

