
- लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ें, सफलता अवश्य मिलेगी: प्रो. इलानी पूर्ति
रांची। गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन एवं वीडियो प्रोडक्शन विभाग के न्यूज़लेटर ‘गोस्सनर टाइम्स’ के 11वें अंक का विमोचन प्रो. इंचार्ज प्रो. इलानी पूर्ति, डॉ. एसके सेनगुप्ता, प्रो. महिमा गोल्डेन बिलुंग, प्रो. संतोष कुमार एवं प्रो. अनुज कुमार ने शनिवार को किया।
इस अवसर पर प्रो. इंचार्ज प्रो. इलानी पूर्ति ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। कहा कि न्यूज़लेटर की डिजाइनिंग, समाचार संकलन, संपादन सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण कार्य सेमेस्टर-3 के विद्यार्थियों ने स्वयं किए हैं। इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिलता है।
प्रो. इंचार्ज ने कहा कि जब हम किसी लक्ष्य पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए निरंतर आगे बढ़ते हैं, तब सफलता अवश्य मिलती है। इस न्यूज़लेटर के निर्माण में छात्राओं ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह दर्शाता है कि आज छात्राएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय देते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
प्रो. महिमा गोल्डेन बिलुंग ने बताया कि विभाग की ओर से प्रत्येक छह महीने में शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा न्यूज़लेटर तैयार किया जाता है। ‘गोस्सनर टाइम्स’ का यह 11वां अंक है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन, संपादन, डिजाइनिंग, शोध एवं पत्रकारिता से जुड़ी व्यावहारिक दक्षताओं का विकास करना है।
न्यूज़लेटर निर्माण की टीम में संजना, अदिति प्रिया, फिरदौस, सलिल, अनीश और जीत शामिल रहे। संजना ने डिजाइनिंग एवं संपादन, अदिति प्रिया ने मुख्य कंटेंट राइटर, फिरदौस और जीत ने कंटेंट राइटर, सलिल ने फोटोग्राफी और अनीश ने शोध संबंधी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने अनुभव साझा करते हुए संजना ने कहा कि न्यूज़लेटर तैयार करने के दौरान उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि कई चुनौतियों का सामना करने के बाद वह न्यूज़लेटर को डिजाइन कर पाईं। हर चुनौती ने उन्हें कुछ नया सिखाया और प्रत्येक अनुभव ने उनकी रचनात्मकता को एक नई दिशा दी।
कार्यक्रम में सुनीला सोरेंग, हर्ष सहित विभाग के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

