• बाबा हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर के लिए ₹680 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत
• नई परियोजना में केंद्र की स्वदेश दर्शन योजना के पूर्व स्वीकृत ₹50 करोड़ अतिरिक्त रूप से भी शामिल होंगे
छपरा। सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी का क्षेत्र के समग्र विकास के लिए उनका सतत प्रयास और राज्य सरकार के साथ समन्वय अब ठोस परिणाम के रूप में सामने आ रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित पहली ही कैबिनेट बैठक में 680 करोड़ रूपये से बाबा हरिहरनाथ कॉरिडोर का निर्माण संबंधी सारण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर मुहर लगना इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
इस संबंध में रूडी ने विशेष रूप से सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ धाम के लिए स्वीकृत 680 करोड़ की योजना का स्वागत करते हुए कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर बनने वाला हरिहरनाथ कॉरिडोर पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा। लगभग 65 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित होने वाली इस योजना के अंतर्गत मंदिर परिसर के साथ गंडक एवं गंगा तटों का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे सोनपुर एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा। रूडी ने कहा कि इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
सोनपुर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर के कायाकल्प और इसे भव्य कॉरिडोर का रूप देने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। सांसद राजीव प्रताप रूडी के निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप बिहार सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 680 करोड़ रूपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
सांसद रूडी वर्ष 2014 से ही इस मंदिर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत थे। सांसद ने 01 जुलाई 2019 को लोकसभा में भी इस मंदिर के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था और केंद्र व राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया था। शुरुआत में केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत इसके लिए 50 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी। परन्तु, परियोजना की विशालता को देखते हुए यह राशि पर्याप्त नहीं थी। कार्य को पूर्णता तक पहुँचाने के लिए सांसद ने राज्य सरकार से विशेष हस्तक्षेप और अतिरिक्त बजटीय सहायता का आग्रह किया था।
बिहार सरकार द्वारा स्वीकृत 680 करोड़ की इस नई योजना में भारत सरकार द्वारा पूर्व में आवंटित 50 करोड़ की राशि को भी अतिरिक्त समाहित किया गया है। अब यह परियोजना एक वृहद स्वरूप में धरातल पर उतरेगी, जिससे मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं और भव्य बुनियादी ढांचे से लैस किया जाएगा।
इस संबंध में सांसद रुडी ने कहा कि यह सोनपुर की जनता और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था है। 2014 से देखा गया सपना अब साकार होने जा रहा है। 680 करोड़ की यह राशि हरिहरनाथ धाम को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं को सुलभ और सुरक्षित दर्शन की सुविधा मिलेगी, बल्कि वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर सोनपुर में पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सांसद ने सारण की जनता की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा कि पहली ही कैबिनेट बैठक में ऐसे दूरगामी निर्णय राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

