ड्रंक एंड ड्राइव, नाबालिग वाहन चालकों और अतिक्रमण पर चलेगा विशेष अभियान

झारखंड
Spread the love

  • लोहरदगा में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बुधवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति और जिला हाईवे टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभाकक्ष में हुई इस बैठक में उपायुक्त ने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

नशे में वाहन चलाने पर सख्ती

उपायुक्त ने शहर में ब्रेथ एनालाइजर के जरिए ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाने को कहा है। साथ ही, थानों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर नियम तोड़ने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश जिला परिवहन पदाधिकारी को दिया गया। ट्रक एसोसिएशन के साथ बैठक कर उन्हें नियमों की जानकारी देने और हिट एंड रन के लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

ये निर्देश भी दिए गए

राष्ट्रीय उच्च पथ के कार्यपालक अभियंता को शंख नदी के पास झाड़ियों की सफाई, शंख पुल के गड्ढों की मरम्मत और कुडू ब्लॉक मोड़ व टाटी मोड़ पर सूचना पट्ट लगाने का निर्देश दिया गया।

पथ प्रमंडल को चिह्नित ब्लैक स्पॉट, स्कूलों और अस्पतालों के पास चेतावनी बोर्ड व रंबल स्ट्रिप लगाने को कहा गया।

हाईवे पर ओवरस्पीडिंग (तेज रफ्तार) करने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए गए।

खनन वाहनों की होगी जांच

उपायुक्त ने स्कूलों में कम उम्र के बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने के मामलों की जांच कर कार्रवाई करने और शिक्षा विभाग को स्कूलों में जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके अलावा हिण्डाल्को प्रबंधन को बॉक्साइट परिवहन में लगे ट्रक चालकों के लिए सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और वाहनों के कागजात दुरुस्त रखने को कहा गया।

अतिक्रमण के खिलाफ अभियान

शहर के अपर बाजार से ईस्ट गोला रोड तक मुख्य सड़क, नाली और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने एवं दुकानदारों से जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया है। नगर परिषद को ‘नो पार्किंग’ जोन चिह्नित कर बोर्ड लगाने और उत्पाद अधीक्षक को अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी करने को कहा गया।

अवैध पार्किंग पर करें कार्रवाई

सड़क सुरक्षा समिति के बाद जिला हाईवे टास्क फोर्स की बैठक में राजस्थान के फलोदी हादसे पर सुप्रीम कोर्ट के स्वतः संज्ञान से जुड़े आदेश की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्य सड़क के किनारे खड़े भारी वाहनों व ट्रकों पर कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर बार-बार होने वाली अवैध पार्किंग के हॉटस्पॉट चिह्नित करने और थाना प्रभारियों को सड़कों से अनधिकृत वाहन हटवाने का जिम्मा सौंपा गया है।

बैठक में एसपी सहित ये मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, एसडीओ अमित कुमार, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, डीटीओ जया शंखी मुर्मू, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी और हिण्डाल्को के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हमारे साथ जुड़ें

स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *