कुतुबुद्दीन
बारियातु (लातेहार)। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत मध्य विद्यालय परिसर में समावेशी शिक्षा के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ 11 नवंबर को हुआ। इसका उदघाटन बीईईओ रामप्रसाद यादव, बीपीओ बिरेन्द्र भगत, एचएम अनिता देवी, आंगनबाड़ी सेविका बबीता कुमारी, विकास कुमार, निखिल कुमार मधुर ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद बीईईओ ने कार्यक्रम में कई विषयों पर जानकारी दी।
बीईईओ ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा देना हमारी जिम्मेवारी है। कार्यक्रम में बच्चों में विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता की पहचान करने की जानकारी दी गई। इसके अलावा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शैक्षणिक और चिकित्सीय जरूरत और उसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।
यादव ने उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को व्यवसायिक शिक्षा से जोड़ने की जरूरत और वर्तमान परिपेक्ष्य में उसके गृह आधारित शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।

रिसोर्स शिक्षक मनोज कुमार महतो और निखिल कुमार मधुर ने दिव्यांगता अधिकार अधिनियम 2016 के तहत दिव्यांगता के 21 प्रकारों के लक्षणों के बारे में बताया। उनके लिए विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक जरूरतों की जानकारी दी।
रिसोर्स शिक्षक ने बच्चों के पूर्ण विकास के लिए अभिभावकों की भागीदारी पर बल दिया। बच्चों के लिए विद्यालयों में रैंप, शौचालय, एस्कॉर्ट ट्रांसपोर्ट और छात्रवृति योजना के बारे में भी जानकारी दी।
प्रशिक्षक विकास कुमार और प्रकाश कुमार ने विभाग द्वारा जारी ई कल्याण पोर्टल के बारे में बताया। उन्होंने कक्षा 1 से 12 तक के अध्ययनरत एससी, एसटी और ओबीसी के छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति को लेकर पंजीकरण करने की जानकारी दी।
मौके पर शिक्षक गीता कुमारी, विदारथ सिंह, उपेन्द्र कुमार, महेश साव, मुन्ना राम, संजीव कुमार, आंगनबाड़ी सेविका जितनी देवी, पार्वती देवी, बबीता कुमारी सहित कई प्रधानाध्यापक, सहायक शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविका सहायक मौजूद थे।