22 साल बाद हो रहा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, वोटिंग कल, राहुल ऐसे करेंगे मतदान

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। 22 साल बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव होने जा रहा है। कल इसके लिए वोटिंग होगी। तीन दिनों बाद कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा। चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री वोटिंग की तैयारियों को पूरा कर चुके हैं। सब यह जानने की कोशिश में लगे हैं कि राहुल गांधी कहां वोट करेंगे?

दरअसल, राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और उनका दिल्ली आने का फिलहाल कोई प्रोग्राम नहीं है, लेकिन पीसीसी डेलीगेट होने के नाते वह भी वोटर हैं।

कांग्रेस के कम्युनिकेशन चीफ जयराम रमेश ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में राहुल गांधी के वोट डालने को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम दिया है। उन्होंने कहा कि इस पर सवाल उठे हैं कि राहुल गांधी कल कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव के लिए अपना वोट कहां देंगे। कोई अटकल नहीं होनी चाहिए।

वह संगनाकल्लू, बल्लारी में Bharat Jodo Yatra कैंपसाइट में लगभग 40 अन्य भारत यात्रियों के साथ मतदान करेंगे। इन सभी पीसीसी प्रतिनिधियों के लिए वोटिंग की व्यवस्था वहीं की गई है।

कांग्रेस का करीब दो दशक होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव में इस बार दो प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर इस बार अध्यक्ष पद के लिए दांव आजमा रहे हैं।

गांधी परिवार का कोई सदस्य इस बार अध्यक्ष बनने को इच्छुक नहीं है। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से इनकार करने के बाद गैर गांधी अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। 22 साल के अंतराल के बाद सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 19 अक्टूबर को होगी।