रांची। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू सोमवार की शाम झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
इस दौरान अपने पक्ष में समर्थन की अपील की। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अन्नपूर्णा देवी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल भी उपस्थित थे।
बताया गया कि आदिवासी उम्मीदवार होने के नाते द्रौपदी मुर्मू ने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से समर्थन की अपील की।
यहां बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव में झामुमो की ओर से समर्थन की घोषणा फिलहाल नहीं की गयी है, लेकिन जिस तरह से द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन पर सीएम हेमंत सोरेन ने स्वागत करने संबंधी ट्वीट किया है। इससे राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा तेज हो गयी है कि झामुमो जल्द ही इसकी घोषणा करेगा।
इससे पूर्व सोमवार को रांची आने पर द्रौपदी मुर्मू एनडीए की ओर से आयोजित बैठक में शामिल हुईं। इस दौरान बीजेपी के सांसद- विधायक के अलावा आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, विधायक डॉ लंबोदर महतो और सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी शामिल हुए।
इस बैठक में द्रौपदी मुर्मू ने एनडीए के सभी नेताओं से समर्थन देने की अपील की। कहा कि झारखंड राज्यपाल के तौर पर जिस तरह से यहां के नेताओं का अपार स्नेह मिला, उसी तरह से राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन दें।