रांची। उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर झारखंड की राजधानी रांची के एक व्यापारी से रंगदारी मांगी गई है। उन्हें पत्र भेजकर सहयोग करने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर अंजाम भुगताने की धमकी भी दी गई है। यह पत्र एरिया कमांडर के नाम से लिखा गया है। व्यवसायी ने थाने में इसकी शिकायत की है।
रांची शहर से सटे नामकुम के व्यापारी से पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगी गई है। उन्हें एरिया कमांडर श्याम टाइगर की ओर से पत्र लिखा गया है। व्यापारी ने इसकी सूचना थाने को दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
व्यापारी का नाम गणेश कुमार है। वह पूर्व सैनिक हैं। नामकुम थाना क्षेत्र के केतारी बगान स्वर्णरेखा नदी तट स्थित डेकोरेटिव टाइल्स प्रतिष्ठान के संचालक हैं।
पत्र में लिखा गया है कि संगठन का सहयोग करें। कुछ राशि योगदान करें। सहयोग नहीं करने पर संगठन फौजी कार्रवाई करेगा। प्रशासन को सूचित करने पर कार्रवाई की जाएगी। कभी भी कहीं भी किसी भी सदस्य को गोली मार दी जाएगी।

पत्र में यह भी लिखा गया है कि ट्रांसपोटिंग में लगे किसी भी सदस्य के साथ कुछ भी हो सकता है। सोच समझकर निर्णय लें अन्यथा अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
पत्र मिलने के बाद उक्त व्यापारी ने थाने को इसकी सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।