सीएमपीडीआई का आरआई-3 करा रहा है योग कार्यक्रम

झारखंड
Spread the love

रांची। सामूहिक भागीदारी कार्यक्रम के तहत 100 दिन, 100 शहर और 100 संगठन थीम के अनुरूप सीएमपीडीआई के रांची स्थित क्षेत्रीय संस्थान-3 के तत्वावधान में 5 दिवसीय योग कार्यक्रम 24 मई से शुरू हुआ। यह 28 मई, 2022 तक चलेगा। इसका आयोजन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देश के आलोक में किया जा रहा है।

क्षेत्रीय संस्थान-3 के क्षेत्रीय निदेशक जयंत चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में इस पांच दिवसीय योग कार्यक्रम में योग पर व्याख्यान, योग कार्यशालाएं, सामान्य योग प्रोटोकॉल अभ्यास, योग-विराम (वाई-ब्रेक) अभ्यास, योग प्रदर्शन, योग संबंधी प्रतियोगिता एवं योग प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया जाएगा। शुरुआत करते हुए विभागाध्यक्ष (कार्मिक एवं प्रशासन) एके मिश्रा ने योग विशेषज्ञ का परिचय कराया। बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर मुंगेर स्थित बिहार योग स्कूल से प्रशिक्षित योग विशेषज्ञ संजय पूर्वे ने अपने व्याख्यान में समग्र स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर विभिन्न विभाग के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।