रांचीः पार्षद पति हत्याकांड का मास्टरमाइंड समेत पांच गिरफ्तार

अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। रांची स्थित हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के वार्ड-17 की पार्षद शबाना खातून के पति व जमीन कारोबारी फिरोज उर्फ रिंकू हत्याकांड में पुलिस ने हत्या के साजिशकर्ता रियल स्टेट कारोबारी मुर्शीद और उसके चालक सीटन समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं उसके तीन शूटर सहित घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना के बाद ही उसे हिरासत में लिया था। कड़ी पूछताछ के बाद उसने अपना गुनाह कबूल किया। पुलिस के अनुसार रिंकू से मुर्शीद ने व्यवसाय के लिए 45 लाख रुपए लिए थे। रिंकू लगातार उससे पैसे की मांग कर रहा था। 16 अप्रैल को रिंकू उसके घर पहुंचा था। वहां उसने कहा कि जब तक पैसा नहीं दोगे, हम नहीं जाएंगे।

तब मुर्शीद ने कहा कि पैसा कहां भागा जा रहा है। उसके बाद उसने रिंकू को इफ्तार कराया। उस दौरान वह शूटरों से लगातार फोन पर इशारे में बात करने लगा। इफ्तार के बाद मुर्शीद ने रिंकू से कहा कि पार्टी से बात हो गयी है, राशि आते ही पैसा घर पहुंच जाएगा। रिंकू वहां से घर जाने के लिए निकला। वह जैसे ही हिंदपीढ़ी सेकेंड स्ट्रीट स्थित हफीज चौक के पास पहुंचा, शूटरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और लेक रोड की ओर भाग निकले।

मुर्शीद ने पुलिस को बताया कि वह पैसे लौटाने के पक्ष में नहीं था। पैसे को लेकर रिंकू ने एक सप्ताह पूर्व सरेआम काॅलर पकड़ उसकी बेइज्जती की थी। उसके बाद उसने हत्या की साजिश रची थी।