नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूस परमाणु हमला भी कर सकता है। खुद सीआईए के निदेशक विलियम बर्न्स ने ये संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि रूस को यूक्रेन के खिलाफ हमले के दौरान मिली निराशा राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को कम दूरी और कम शक्तिशाली परमाणु हथियार का सहारा लेने के लिए उकसा सकती है।
अटलांटा में एक भाषण के दौरान बर्न्स ने कहा, “राष्ट्रपति पुतिन और रूसी नेतृत्व की हताशा और उन्हें अब तक सैन्य रूप से जिन असफलताओं का सामना करना पड़ा है। इसे देखते हुए कोई भी कम दूरी और कम शक्तिशाली परमाणु हथियारों का सहारा लेने वाले संभावित खतरे को हल्के में नहीं ले सकता है.” बर्न्स ने कहा कि निश्चित रूप से वे लोग चिंतित हैं क्योंकि यह संभावित खतरा बहुत बड़ा है।
तीसरे विश्व युद्ध से बचने के लिए इस लड़ाई को रुकना ही होगा। रूस के पास कई कम दूरी के परमाणु हथियार हैं, जो द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका द्वारा हिरोशिमा पर गिराए गए बम से कम शक्तिशाली हैं। बता दें कि यूक्रेन पर लगातार हमले के बावजूद रूस वहां अब तक कामयाब नहीं हो पाया है। इस कारण से खुद रूसी राष्ट्रपति पुतिन हताश हैं। इस हताशा में कहीं वे परमाणु हथियार का सहारा ना ले लें, यही सबकी चिंता है।