देवघर। देवघर का बाबा दरबार महाशिवरात्रि के अवसर पर हर-हर महादेव के नारों से गूंज रहा है। बाबा पर जलाभिषेक के लिए झारखंड के अलावे कई राज्यों से भक्त पहुंचे हैं। आज मंगलवार तड़के 3 बजे सुबह सबसे पहले सरकारी पूजा हुई।
इसके बाद 4:05 बजे श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए बाबा बैद्यनाथ का पट खोला गया। मंदिर में भक्तों के लिए की गयी व्यवस्था का डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने आज भी सुबह सवेरे ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुआयना किया। बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स, नेहरू पार्क, शिवराम झा चौक के अलावा मंदिर के आसपास के क्षेत्रों का अवलोकन किया।
विधि-व्यवस्था और देवतुल्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के क्रम में श्रद्धालुओं से बातचीत कर बोलबम के नारे के साथ उनका उत्साहवर्धन भी किया। उनका हाल-चाल लिया और जिला प्रशासन की ओर से मुहैया करायी जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली।
इसके अलावे प्रतिनियुक्त पुलिस के जवानों और दंडाधिकारियों की टीम को निर्देशित किया कि रुट-लाइन, बाबा मंदिर व उसके आस-पास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाये। बिना भागदौड़ के कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं के सुगम जलार्पण में उनका सहयोग किया जाये।