पटना। दुखद खबर बिहार की राजधानी पटना के दानापुर से आयी है। यहां सुलतानपुर में एक शादी समारोह में वरमाला रस्म के दौरान खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। हर्ष फायरिंग में गोली लगने से वार्ड पार्षद की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल महिला सन्नी देवी (29 वर्ष) को अस्पताल ले जाया गया। पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया गया कि वार्ड नंबर 15 के पार्षद सुजीत कुमार की पत्नी सन्नी देवी दानापुर के नयाटोला से शादी में शामिल होने रिश्तेदार के घर आई थीं। रिश्तेदार की बेटी की शादी होनी थी। उनकी सास भी वार्ड पार्षद हैं। देर रात बरात आई। वरमाला के दौरान हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इस दौरान एक गोली सन्नी देवी को जा लगी। इसके बाद वहां कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार साहा ने बताया कि पाटलिपुत्रा के निजी अस्पताल के आइसीयू में इलाज चल रहा था, वहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो भी दोषी होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा।