‘मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ की रणवीर की ’83’ से होगी टक्कर

देश मुंबई
Spread the love

मुंबई। सिनेमाघरों में फिल्में रिलीज होने का सिलसिला शुरू हो चुका है। दिसंबर में जहां रणवीर सिंह की बहुचर्चित फिल्म ’83’ रिलीज हो रही है, वहीं, इसी समय बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ भी सिनेमाघरों में आ रही हैं।

खास बात ये है कि ‘मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ में प्रियंका चोपड़ा भी एक अहम किरदार में नजर आएंगी। प्रियंका चोपड़ा ने ‘मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ के पोस्टर के साथ रिलीज डेट साझा की है। हालांकि, प्रियंका को पोस्टर पर जगह नहीं मिली है। लेकिन ट्रेलर में उनकी झलक दिख चुकी है। यह फिल्म भी क्रिसमस के मौके पर 22 दिसंबर को भारत में अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी रिलीज होगी।

‘मैट्रिक्स रीसरेक्शंस’ की सीधी टक्कर रणवीर सिंह की फिल्म ’83’ से होगी, जो दो दिन बाद 24 दिसंबर को रिलीज होगी। फिल्म भारतीय क्रिकेट के 1983 के ऐतिहासिक वर्ल्ड कप की जीत पर आधारित होगी। कबीर खान निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव के रोल में हैं, जबकि दीपिका पादुकोण उनकी पत्नी रोमी देव की भूमिका में हैं। फिल्म में बोमन ईरानी और पंकज त्रिपाठी जैसे कई बेहतरीन कलाकार विभिन्न भूमिकाओं में दिखेंगे। ’83’ भी हिंदी के अलावा दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी।

इसके अलावा हॉलीवुड साइंस फिक्शन सीरीज ‘मैट्रिक्स’ के चौथे पार्ट यानी ‘मैट्रिक्स रिसरेक्शंस’ का दुनियाभर के दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर आने के बाद इसे लेकर फैंस का उत्साह दोगुना हो गया था। फिल्म में कीनू रीव्स के अलावा जैडा पिंकेट स्मिथ, जोनाथन ग्रॉफ, प्रियंका चोपड़ा जोनास, क्रिस्टीना रिक्की और जेसिका यू ली हेनविक भी अहम भूमिका में हैं।

*’स्पाइडरमैन’ से होगा ‘पुष्पा’ का मुकाबला*

दूसरी ओर दिसंबर में पहली बड़ी टक्कर बहुभाषी फिल्म ‘पुष्पा’ और हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडरमैन- नो वे होम’ के बीच होने जा रही है। दोनों फिल्में 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में उतरेंगी। ‘पुष्पा’ मूल रूप से तेलुगु में बनी फिल्म है, जिसमें अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं। यह फिल्म हिंदी में भी रिलीज होगी, वहीं, ‘स्पाइडरमैन-नो वे होम’ भी अंग्रेजी के साथ हिंदी और दूसरी भाषाओं में रिलीज होगी।