पुराने जेल परिसर में बने बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान का उद्घाटन करेंगे पीएम, जानिए क्या हैं आकर्षण के केंद्र

झारखंड
Spread the love

रांची। रांची स्थित पुराने जेल परिसर में बनाए गए भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय का उद्घाटन 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। ऑनलाइन उदघाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इसकी अनौचारिक पुष्टि कर दी गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी समारोह में शामिल होंगे। उद्यान व संग्रहालय की कुल लागत 142 करोड़ रुपए है। इसमें से 117 करोड़ रुपए राज्य सरकार ने खर्च किए हैं। भारत सरकार ने 25 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की है। उद्यान में म्यूजिकल फाउंटेन, कैफेटेरिया व इनफिनिटी पुल का निर्माण पूरा कर लिया गया है। यहां सिदो-कान्हो, नीलांबर-पीतांबर, दिवा किशुन, गया मुंडा, तेलंगा खड़िया, जतरा टाना भगत, वीर बुधु भगत समेत कुल 13 शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। उनकी शौर्य गाथा भी अंकित की जाएगी।

उद्यान का मुख्य आकर्षण वहां स्थापित की जा रही भगवान बिरसा मुंडा की 25 फीट ऊंची प्रतिमा होगी। वहीं हिन्दी, अंग्रेजी, मुंडारी समेत अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में शहीदों की जीवनी बताई जाएगी। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो के जरिए भी राज्य के गौरवान्वित इतिहास की जानकारी दी जाएगी।

वहीं जेल परिसर के एक हिस्से को संग्रहालय के रूप में परिवर्तित किया गया है। संग्रहालय युवाओं को अपनी विरासत और धरोहर की जानकारी देगा। इसमें भगवान बिरसा मुंडा से जुड़ी स्मृतियों को संजो कर रखा गया है।