पलामू केंद्रीय कारा में गूंज रहे छठ मइया के गीत, कुख्यात गैंगस्टर समेत 14 कैदी कर रहे महापर्व

झारखंड
Spread the love

पलामू। पूरे देश में भगवान भास्कर को अघ्र्य देने की तैयारी चल रही है। छठ पूजा पर वातावरण भक्तिमय हो गया है। पलामू केंद्रीय कारा में भी छठ मइया के गीत गूंज रहे हैं। यहां बंद 14 कैदी लोक आस्था का महापर्व छठ कर रहे हैं। छठ करने वालों में पांच महिलाएं भी शामिल हैं।

जमशेदपुर का कुख्यात डॉन विकास सिंह भी छठ कर रहा है। कैदियों के छठ करने से जेल का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। पलामू सेंट्रल जेल प्रशासन भी छठ को लेकर कैदियों को पूजा की हर सुविधाएं उपलब्ध करवा रहा है। जेल के अंदर ही अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है। इसकी पवित्रता को लेकर खास तौर पर साफ सफाई की गई है।

पलामू सेंट्रल जेल के अधीक्षक जीतेंद्र कुमार ने बताया कि छठ को लेकर कैदियों के सभी संसाधन उपलब्ध करवाए गए हैं। छठ व्रतियों को नए कपड़ों के साथ-साथ पूजन सामग्रियां उपलब्ध करवाई गई हैं। पलामू सेंट्रल जेल में कैदी वर्षों से छठ कर रहे हैं। जेल में बंद हाजिरी कैदी मिथिलेश सिंह पिछले पांच वर्षों से लगातार छठ कर रहा है। कई नक्सली और अपराधी भी भगवान भास्कर को अघ्र्य देने के लिए छठ कर रहे हैं। सभी कैदी और बंदी अपने-अपने जीवन में बदलाव के लिए भगवान भास्कर से प्रार्थना कर रहे हैं। छठ को लेकर अन्य कैदी भी सभी का सहयोग कर रहे हैं। छठ करने वाले व्रतियों के साथ-साथ अन्य कैदी भी छठ के गीत गा रहे हैं।

सोमवार को नहाय खाय के साथ छठ पर्व शुरू हो चुका है। छठ व्रती आज शाम खरना का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटों का निर्जला उपवास करेंगे। इस दौरान बुधवार की शाम डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं गुरुवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद यह पर्व संपन्न हो जाएगा।