पटाखेबाजी में किशोर की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

अवनीश कुमार

फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश)। दीपावली की रात पटाखेबाजी के दौरान हुए विस्‍फोट से एक किशोर की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने पड़ोस के युवक पर ही हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के पांचाल घाट बंधा निवासी चन्द्रपाल जाटव का 11 वर्षीय पुत्र गंगाधर दीपावली की रात पड़ोसी किशोर चंद्र प्रकाश के घर के सामने खेल रहा था। इस दौरान बारूद भरी पाइप में विस्‍फोट हुआ और वह गंगाधर के पेट में घुस गया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। परिजन ने उसे गंभीर हालत में लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने गंगाधर को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप, सीओ अजय शर्मा, कोतवाल विनोद शुक्ला, पांचाल घाट चौकी इंचार्ज भोलेंद्र चतुर्वेदी और फील्ड यूनिट की टीम घटना स्थल पर पंहुचे। जांच पड़ताल की। मृतक पांच भाईयों में सबसे छोटा था। मृतक के पिता चंद्र प्रकाश मजदूरी करते हैं। गंगाधर की मौत पर उसकी मां प्रेमवती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृतक के पिता चंद्र प्रकाश ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री 18 वर्षीय नेहा को पड़ोस के टानू पुत्र श्याम सुन्दर ने बेच दिया। पुलिस में शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपियों से इसे लेकर विवाद चल रहा है। इसके कारण उसके बेटे की हत्या की गयी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। पांचाल घाट चौकी इंचार्ज भोलेंद्र चतुर्वेदी ने बताया की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।