सड़क दुर्घटना में मुखिया के देवर की मौत, एक अन्य गंभीर रूप से घायल

झारखंड
Spread the love

प्रशांत अंबष्‍ठ

बेरमो (बोकारो)। गोमिया प्रखंड अंतर्गत ससबेड़ा पश्चिमी पंचायत की मुखिया शांति देवी के देवर संतोष यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। संतोष का मित्र त्रिपुरारी प्रसाद इस हादसे में गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज रांची रिम्स में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार संतोष यादव (40 वर्ष) अपने मित्र के साथ मंगलवार की शाम हजारीबाग के विष्णुगढ़ स्थित अपने रिश्तेदार के घर गया था। रात को मोटरसाइकिल से दोनों लौट रहे थे। लौटने के दौरान विष्णुगढ़ के सदारो जंगल में अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दि‍या। इस घटना में संतोष यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

त्रिपुरारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में ही त्रिपुरारी ने संतोष के रिश्‍तेदारों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही उसके रिश्‍तेदार मौके पर पहुंचे। इसके बाद मृतक के परिजनों को देर रात जानकारी हुई। आनन फानन में सभी घटनास्थल पहुंचे। तब तक विष्णुगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी।

घायल त्रिपुरारी को तुरंत आईईएल के आर्डियर अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। संतोष यादव आईईएल के ओरिका कंपनी में ठेका मजदूर था। उसके दो बच्चे हैं। बड़ा भाई सेना से रिटायर हैं। वह पिट्स स्कूल में गेम टीचर के पद कार्यरत है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग मुखिया के घर पहुंचे। उन्हें सांत्वना दी। राज्य के पूर्व मंत्री माधव लाल सिंह, विधायक लंबोदर महतो, पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद, कांग्रेस के अध्यक्ष पंकज पांडेय सहित मुखिया ने इस हादसे पर गहरा दुःख प्रकट किया है। विष्णुगढ़ पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दी है।