
महेन्द्रगढ़। हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में एक पिछड़ी जाति के बीएससी छात्र पर बेरहमी से लाठी-डंडे बरसाने का वीडियो सामने आया है। हमले में घायल छात्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात 9 अक्टूबर की है।
इस मामले में महेन्द्रगढ़ पुलिस ने आधा दर्जन नामजद सहित 6 से ज्यादा लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। वायरल वीडियो में बदमाश हमला करने के साथ ही बीच-बीच में छात्र को पानी भी पिलाते दिख रहे हैं एक आरोपी विक्की उर्फ फुकरा को गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने उसे दो दिन की रिमांड पर भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गौरव की मौत का कारण बेरहमी से हुई पिटाई ही सामने आई हैं। महेन्द्रगढ़ जिले के गांव बवाना निवासी 18 वर्षीय छात्र गौरव यादव 9 अक्टूबर की दोपहर महेन्द्रगढ़ से बाइक पर अपने घर लौट रहा था।
तभी उसे रास्ते में गांव मालड़ा में नहर के पास रवि, कप्तान, अजय और मोहन समेत 10 से अधिक लोगों ने रोक लिया। इससे पहले गौरव कुछ समझ पाता बदमाशों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। एक आरोपी घटना का वीडियो बना रहा था, बाकी लोग गौरव पर लाठी-डंडों की बौछार करने लगे। उसे बचाने के लिए एक व्यक्ति आता है, जिसे आरोपी वहां से हटा देते हैं।
इसके बाद बदमाश उसे एक होटल के पीछे लेकर गए। यहां भी गौरव को बुरी तरह पीटा। कुछ देर बाद आरोपी उसे बेसुध छोड़कर फरार हो गए। गौरव के परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उसी दिन उसकी मौत हो गई। दरअसल, 15 सितंबर को इलाके में देवी जागरण हो रहा था। यहीं पर गौरव और रवि उर्फ लंगड़ा के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी।