सिमडेगा। उत्तर प्रदेश के युवक ने ओडिशा से गांजा खरीदा। गांजा को बिहार के रास्ते नेपाल पहुंचाने की योजना थी। हालांकि उसके मंसूबे पर पुलिस ने पानी फेर दिया। झारखंड की सिमडेगा पुलिस ने उसे कोलेबिरा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। उसे जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार गांजा तस्कर की अपराधिक कुंडली पुलिस टीम खंगाल रही है।
शाम को गश्ती के दौरान कोलेबिरा पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीठ पर बैग लटकाए और एक कार्टून लिए हुए कोलेबिरा बस स्टैंड के पास खड़ा है। वह संदिग्ध दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस बिना देर किये बस स्टैंड पहुंची। पुलिस टीम के वाहन के साथ पहुंचने पर मटमैला कपड़ा पहना युवक पुलिस टीम से नजर बचाकर भागने लगा। पुलिस ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
ये भी पढ़े : बिहार में बना ये अनोखा हेलमेट, इसकी खूबी जानकर आप हो जाएंगे हैरान
पूछताछ करने पर पकड़ाये व्यक्ति ने अपना नाम दिनेश कुमार बताया। वह उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी था के बिरोजपुर का रहने वाला है। उसने बताया कि उसके बैग एवं कार्टून में गांजा है, जिसे ओडिशा से खरीदकर बिहार ले जा रहा है। वहां से गांजा नेपाल ले जाना है। तलाशी के दौरान पकड़ाये व्यक्ति के पास से 19 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसका अंतराष्ट्रीय बाजारों में अनुमानित मूल्य करीब 09 लाख रुपये बताया जा रहा है।
सिमडेगा से सटे सीमावर्ती राज्य क्रमशः ओडिशा एवं छत्तीसगढ़ की ओर से सिमडेगा जिला क्षेत्र होते छुप-छुपाकर गांजा नेपाल ले जाया जाता है। सिमडेगा जिला पुलिस की विभिन्न थाना/ओपी पुलिस टीम की कार्रवाई में अब तक 1644.35 किलो गांजा के साथ 24 शातिर तस्करों को धर दबोचा गया है। इस क्रम में 11 वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं।