
रांची। चिंता का विषय यह है कि कम संख्या में ही सही, झारखंड में कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है।
पिछले कुछ दिनों से सूबे में जितने मरीज स्वस्थ हो रहे हैं, लगभग उतनी ही संख्या में नये संक्रमित मिल रहे हैं। नतीजतन, सक्रिय मरीजों की कुल संख्या स्थिर हो गई है। शनिवार को 24 घंटे में 61 नये संक्रमित मिले और 64 लोगों ने कोरोना को मात दी।
शनिवार को 24 घंटे में राजधानी रांची में सबसे अधिक 17 कोरोना संक्रमित मिले हैं। बोकारो में 8, हजारीबाग और धनबाद में 6-6 संक्रमित मिले हैं। हालांकि, नौ जिलों में एक भी सक्रिय केस नहीं मिले हैं। इन जिलों में गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, खूंटी, पाकुड़, पलामू, साहिबगंज, सरायकेला व सिमडेगा शामिल हैं।
अच्छी बात यह है कि राज्य में पिछले चार-पांच दिनों से कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। फिलहाल कुल मौत 5120 है। रविवार सुबह तक राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 337 है। इनमें सबसे अधिक पूर्वी सिंहभूम 51, रांची 44 व जामताड़ा 30 है। पाकुड़ और गिरिडीह में एक भी सक्रिय मामला नहीं है।
चतरा, दुमका, खूंटी व गोड्डा में पांच से कम सक्रिय बचे हैं। राज्य में अब तक कुल 346649 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 341192 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। अब तक राज्य के विभिन्न जिलों में 10854009 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है।