महाराष्‍ट्र में बारिश ने मचाई तबाही, भूस्‍खलन से 15 लोगों की मौत

देश मुख्य समाचार मुंबई
Spread the love

मुंबई। महाराष्‍ट्र में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचाई है। इसके कारण दो अलग-अलग जगहों पर भूस्‍खलन से करीब 15 लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के अब भी मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ की ओर से राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। मरने वालों की संख्‍या में वृद्धि हो सकती है।

जानकारी के मुताबिक चेंबूर के भारत नगर इलाके में भूस्खलन से कुछ झुग्गियों पर दीवार गिरने से 12 लोगों की मौत हो गई। एनडीआरएफ के इंस्‍पेक्‍टर राहुल रघुवंशी ने बताया कि हमें सुबह 5 बजे सूचना मिली थी, उसके बाद मौके पर पहुंचकर हमने 2 शव निकाले। 10 शव यहां के लोगों ने पहले निकाले थे। लोगों के हिसाब से अभी 7 और 8 और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। ऑपरेशन करीब 3-4 घंटे और चलेगा।

उधर, मुंबई के विक्रोली इलाके में एक ग्राउंड प्लस वन आवासीय इमारत ढह गई। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट आशीष कुमार ने कहा कि विक्रोली में 3 शव निकाले जा चुके हैं। अभी 5-6 लोगों के दबे होने की आशंका है।

विक्रोली और चेंबूर समेत मुंबई के लगभग सभी इलाकों में कल देर रात और आज तड़के कई घंटों तक हुई बारिश हो रही है। इससे भूस्खलन की घटना हुई। घटना के बाद सभी सहमे हुए हैं। शहर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को खुले में बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि चेंबूर के भारत नगर इलाके से पंद्रह लोगों और विक्रोली के सूर्य नगर से नौ लोगों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि घायलों को चिकित्सा के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इन दोनों क्षेत्रों में अभी भी बचाव अभियान जारी है।

मूसलाधार बारिश से चूनाभट्टी, सायन, दादर और गांधी मार्केट, चेंबूर और कुर्ला एलबीएस रोड के नीचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई शहर में रात आठ बजे से दो बजे के बीच 156.94 मिमी बारिश दर्ज की गई है।