किसान विरोधी है धान की खरीद पर रोक लगाने का फैसला : अयुब खान

कृषि झारखंड
Spread the love

लातेहार। झारखंड राज्य किसान सभा लातेहार जिला अध्यक्ष सह माकपा नेता अयुब खान ने राज्य सरकार द्वारा गीला बताकर धान की खरीदारी पर रोक लगाए जाने के फैसले को किसान विरोधी बताया है। उन्होंने कहा है कि इस फैसले से बिचौलियों को लाभ मिलेगा। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की छवि धूमिल होगी। यह फैसला वैसा ही है, जैसा केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली नरेंद्र मोदी सरकार ने किसान विरोधी कृषि बिल लाई है।

श्री खान ने कहा कि धान कटाई और उसकी मिसाई को एक महीने होने को है। किसानों का धान खलिहान में जबतक सुख नहीं जाती, तबतक किसान उसे घर पर नहीं रखते हैं। ऐसे में धान में नमी बताकर खरीदगी पर रोक लगाना किसानों के साथ न्याय नहीं है। आज आधे से अधिक किसान औने-पौने दाम में मजबूरी में पहले ही धान बिचौलियों के हाथों बेच चुके हैं। ऐसे में इस तरह के फैसले से किसान अचंभित हैं।

माकपा नेता ने कहा कि कोविड-19 के कारण हुए लॉकडॉउन में किसानों की हालत वैसे भी खास्ता थी। उधार कर्ज लेकर किसी तरह खेती की। अब धान खरीदगी नहीं होने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ जाएगा। ऐसे फैसले की उम्मीद किसानों को इस सरकार से नहीं थी। उन्हों ने किसान हित में इस फैसले पर पुनर्विचार कर धान खरीदगी शुरू कराने की मांग मुख्यमंत्री से की है।