रांची। झारखंड में अनलॉक-2 से पहले संपूर्ण लॉकडाउन लगाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार शाम 5 बजे से सोमवार सुबह 6 तक राज्य में संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सिर्फ दवा दुकानें सहित सिर्फ जरूरी सेवाएं जारी रहेगी। यह जानकारी आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी।
मंत्री ने बताया कि झारखंड में अनलॉक-टू में कुछ छूट दी गयी है, कई पाबंदियां बढ़ायी गयी है। प्रतिबंध आगामी 16 जून तक जारी रहेंगे। पहले की तरह रांची, धनबाद, बोकारो, देवघर, गुमला, गढ़वा, हजारीबाग, रामगढ़ जिले में कपड़ा, ज्वेलरी, कॉस्मेटिक और जूते की दुकानें खोलने की इजाजत नहीं दी गई है।
पूर्व में जिन दुकानों को खोलने की इजाजत दी गयी थी, उनकी समय अवधि बढ़ा दी गई है। अब दुकानें शाम चार बजे तक खुलेगी। अनलॉक-2 को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सीएम सचिवालय में हुई आपदा प्रबंधन प्राधिकार की 9 जून को हुई बैठक में यह निर्णय हुआ।
मंत्री ने कहा कि जमशेदपुर को छोड़कर पूरे राज्य में पहले की व्यवस्था लागू रहेगी। जमशेदपुर में लगातार मामले बढ़ और घट रहे हैं। इसका मतलब है कि अभी तक वह पूरी तरह से स्टेबल नहीं हो पाया है। इसके मद्देनजर यहां पहले वाली व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है।
मत्री ने बताया कि 23 जिले में शाम 4 बजे तक दुकानें खुलेंगे। सैलून खोलने की इजाजत भी दे दी गई है। होटल में लोग खरीद कर सकते हैं। उन्होंने कहा सरकार की पूरी स्थिति पर नजर है। समीक्षा हो रही है। पूरी गंभीरता के साथ इस पर काम हो रहा है। आज का निर्णय जनहित का है।
रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और भीडभाड़ वाले इलाकों में विशेष अभियान चलाकर जांच के दायरे को बढ़ाया जाएगा। जमशेदपुर में जांच अभियान और तेज होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी वेव की भी आशंका जताई जा रही है। सरकार चाहती है कि दोबारा कोरोना का संकट नहीं बढ़े। इसके लिए मजबूती से काम करने की जरूरत है।