जमशेदपुर। चक्रवाती तूफान यास की वजह से जिले में स्थित खरकई नदी डेंजर लेवल से ऊपर बहने लगी है। इसे लेकर लोगों को सतर्क किया गया है। लगातार हो रही बारिश से शहर में कई इलाकों में पानी घरों में भी घुस गया है। उपायुक्त सूरज कुमार और वरीय आरक्षी अधीक्षक सहित कई अफसरों ने विभिन्न इलाकों का दौरा किया।
मौसम केंद्र के मुताबिक बीते 24 घंटे में जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में 100 मिलीमीटर से भी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके कारण कई इलाके जलमग्न हो गये हैं।
विभाग से जानकारी मिली हैं कि खरकई नदी का जलस्तर डेंजर लेवल से ऊपर आ गया है। स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने नदी के तटीय क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों से अपील की है कि प्रशासन के शेल्टर कैंप में चले जाएं। जिला प्रशासन की टीम आपकी पूरी मदद करेगी।
साइक्लोन में हुई भारी बारिश से बढ़े नदी का जलस्तर का जायजा लेने उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए और जिला परिवहन पदाधिकारी ने लिया। इस क्रम में वे दो मुहानी, हाथी घोड़ा मंदिर क्षेत्र का दौरा किया। वस्तुस्थिति से अवगत हुए।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ बागबेड़ा, दो मुहानी, जुगसलाई व नदी से सटे अन्य इलाकों का दौरा कर नदी में बढ़े जलस्तर को लेकर वस्तुस्थिति को जाना। जलजमाव वाले क्षेत्रों में भी जाकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा। साइक्लोन में हुए भारी बारिश के कारण नदियां उफनाई हुई हैं। वहीं कई क्षेत्रों में जलजमाव की भी स्थिति उत्पन्न हुई है।