दुमका। झारखंड की उपराजधानी दुमका में 45 साल से अधिक उम्र के 89,734 लोगों को कोविड-19 का पहला टीका लगाया गया है। सिविल सर्जन डॉ अनंत कुमार झा ने बताया कि दुमका प्रखंड में 12774, गोपीकांदर प्रखंड में 3677, जामा प्रखंड अंतर्गत 9702, जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत 10769, काठी कुंड प्रखंड अंतर्गत 7965, मसलिया प्रखंड अंतर्गत 7581, रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत 9614, रानेश्वर प्रखंड अंतर्गत 6173, सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत 13528, शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत 7951 लोगों को टीका का पहला डोज दिया गया।
डॉ झा ने बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में टीका दिया जा रहा है। जिले के हर प्रखंड में अभियान चलाकर लोगों को टीका दिया जा रहा है।
टीका का दूसरा डोज भी अभियान चलाकर दिया जा रहा है। इसके तहत जिले में 45 साल से अधिक उम्र के 3,584 लोगों को टीका का दूसरा डोज दिया जा चुका है। इसमें दुमका प्रखंड अंतर्गत 1605, गोपीकंदर प्रखंड अंतर्गत 32, जामा प्रखंड अंतर्गत 182, जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत 366, काठी कुंड प्रखंड अंतर्गत 191, मसलिया प्रखंड अंतर्गत 398, रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत 274, रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत 4, सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत 312, शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत 220 लोग शामिल हैं।
स्वास्थ्य केंद्रों पर पंजीकरण की व्यवस्था
सिविल सर्जन ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पंजीकरण की व्यवस्था की गयी है। स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर वैध पहचान पत्र के साथ जाएं। कोविड-19 का टीका अवश्य लगवाये। साथ ही सभी चिन्हित टीकाकरण केंद्रों पर निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए टीका लगाया जा रहा है। जिले में अभियान चलाकर टीका दिया जा रहा हैं। अधिक से अधिक संख्या में आकर टीका लगाने की अपील उन्होंने की।
28 से होगा रजिस्ट्रेशन
डॉ झा ने कहा कि कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण 1 मई से शुरू हो रहा है। इसके तहत 18 वर्ष से अधिक उम्र हर शख्स को टीका लगेगा। इसके लिए 28 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। टीकाकरण के लिए पहले कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। 16 जनवरी, 2021 को टीकाकरण का पहला चरण शुरू हुआ। इसके तहत सभी कोरोना फ्रंट वारियर्स को टीका लगाया गया। इसके बाद 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों और 45 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार लोगों को टीका लागने का काम शुरू हुआ।