- त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का कई प्रतिष्ठानों में छापेमारी
आनंद कुमार सोनी
लोहरदगा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले उत्पादों के खिलाफ लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुकानों, गोदामों, थोक प्रतिष्ठानों एवं वितरकों का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान भ्रामक लेबल वाले खाद्य उत्पादों के साथ-साथ खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री भी सामने आई।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मेसर्स रिलायंस स्टोर, वी-मार्ट, मिशन चौक स्थित अग्रवाल नेटवर्क, विवेक स्टोर, अग्रवाल ट्रेडर्स, छतर बगीचा स्थित न्यू बदला इंटरप्राइजेज, अमृत एजेंसी समेत कई प्रतिष्ठानों के गोदाम एवं दुकानों की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के साथ संबंधित दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।
जांच के दौरान रिलायंस रिटेल द्वारा करीब एक दर्जन ऐसे खाद्य उत्पादों को स्टोर से हटाए जाने की जानकारी मिली, जिन पर भ्रामक दावे किए जा रहे थे। ऐसे उत्पादों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी हटाया गया है।
वहीं, न्यू बदला इंटरप्राइजेज और अशोक जनरल स्टोर में स्टींग एनर्जी ड्रिंक का काफी मात्रा में स्टॉक पाया गया। अग्रवाल नेटवर्क के गोदाम में कैम्पा एनर्जी गोल्ड बूस्ट ड्रिंक का भंडारण मिला। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को ऐसे लेबलिंग वाले उत्पादों को तत्काल हटाकर निर्माणकर्ता कंपनी को वापस करने का निर्देश दिया।
जांच के दौरान राणा चौक स्थित ढेला होटल में फफूंद लगे रसगुल्ले बिक्री के लिए रखे मिले। खाद्य सुरक्षा टीम ने मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया और होटल संचालक पर एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। साथ ही प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करने का निर्देश दिया गया।
थाना चौक स्थित बाबा फास्ट फूड में खराब गुणवत्ता वाली रोल बेस का इस्तेमाल पाया गया। विभाग ने यहां भी कार्रवाई करते हुए 500 रुपये का अर्थदंड लगाया और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और रख-रखाव में सुधार के निर्देश दिए।
बगडू मोड़ स्थित राजस्थान जलेबी सेंटर की जांच के दौरान जलेबी निर्माण में प्रतिबंधित अखाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया। टीम ने रंगयुक्त चाशनी को मौके पर ही नष्ट करा दिया। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप रंग एवं सामग्री का ही प्रयोग किया जाए।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई एवं विभागीय सहायक कर्मी रजनीश कुमार मौजूद रहे।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

