दुर्घटना में मृत्यु होने पर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद्द, वाहन भी होगा जब्त

झारखंड
Spread the love

  • जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए आवश्यक निर्देश

आनंद कुमार सोनी

लोहरदगा। उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक 8 अगस्‍त को हुई। इसमें पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं सड़क सुरक्षा के मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दुर्घटना में मृत्यु पर कड़ी कार्रवाई

बैठक में उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भारी वाहन के कारण सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में नियम के अनुसार चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रद्द किया जाए। संबंधित वाहन को भी जब्त किया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को जिले में नियमित रूप से हेलमेट चेकिंग, ट्रिपल राइडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस विभाग को भी नियमित वाहन जांच एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

हिण्डाल्को को दिए गए निर्देश

बैठक में हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को खनन क्षेत्र में संचालित ट्रकों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी संबंधित ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगाने, बॉक्साइट का परिवहन अनिवार्य रूप से तिरपाल से ढंककर करने तथा सभी ट्रकों में रिफ्लेक्टिव टेप लगाने का निर्देश दिया। यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी ट्रक चालकों के पास भारी वाहन चलाने का वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध हो।

हिण्डाल्को के ट्रकों के आवागमन के कारण जिन सड़कों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत या जानकारी प्राप्त हुई है, उनकी जांच अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति द्वारा जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

रंबल स्ट्रिप लगाने पर जोर

उपायुक्त ने जिले में सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से विद्यालयों के आसपास विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों के सामने रंबल स्ट्रिप की आवश्यकता है, वैसे विद्यालयों को चिन्हित किया जाए।

उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित पदाधिकारियों को सभी छूटे हुए आवश्यक स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाए जाने का निर्देश दिया। बैठक में रोड सेफ्टी मैनेजर द्वारा जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट की जानकारी भी दी गई।

त्वरित निष्पादन का निर्देश

बैठक में हिट एंड रन के तहत प्राप्त मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा एनएचआई के अंतर्गत कुडू-चंदवा पथ में सड़क किनारे झुकी हुई डालियों को आवश्यकतानुसार काटकर हटाने का निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा एवं दुर्घटना की संभावना को कम किया जा सके।

पार्किंग व्यवस्था होगी व्यवस्थित

उपायुक्त ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नगर क्षेत्र के अपर बाजार एवं ईस्ट गोला रोड क्षेत्र में नो-पार्किंग एवं पार्किंग का स्पष्ट साइनेज लगाने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु करना एवं अनियंत्रित पार्किंग से होने वाली समस्याओं को कम करना है।

अवैध शराब के विरुद्ध करें कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक को जिले में अवैध रूप से देशी शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण समेत अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा

बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी रूप से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रवर्तन, जागरूकता, यातायात प्रबंधन एवं सड़क संरचना में सुधार—इन सभी पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य करना आवश्यक है।

बैठक में एसपी सहित ये मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, समिति के माननीय सदस्यगण, हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि एवं सड़क सुरक्षा की टीम उपस्थित थी।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *