अवैध संबंध के कारण पत्‍नी ने कराई पति की हत्या, ऐसे रची साजिश

झारखंड अपराध
Spread the love

रांची। पत्‍नी ने अवैध संबंध के कारण पति की हत्या करा दी। झारखंड की रांची पुलिस ने इसका खुलासा किया है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मृतक की पहचान करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का कटा हुआ सिर, हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ और एक ऑल्टो कार भी बरामद कर ली है।

क्या है पूरा मामला

बीते 19 जून, 2026 को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह (महादेवटांड़) के जंगल से एक अज्ञात पुरुष का अधजला और सिर कटा शव मिला था। मृतक के दाहिने हाथ की कलाई पर ‘Sanjoy Raj @ Pal’ का गोदना (टैटू) बना हुआ था। अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए शव के धड़ को पेट्रोल डालकर जला दिया था। पुलिस ने इस मामले में बुंडू थाना में कांड संख्या 47/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।

SIT ने किया पर्दाफाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन और बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था।

तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से अज्ञात शव की शिनाख्त संजय लोहरा (27 वर्ष, ग्राम- मांझी टोला, तमाड़) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर घटना के मास्टरमाइंड रमन कुमार सेठ और मृतक की पत्नी सुबोधनी देवी को 6 जुलाई, 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी ने दी थी सुपारी

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि सुबोधनी देवी और रमन कुमार सेठ के बीच पिछले दो वर्षों से अवैध प्रेम संबंध चल रहा था। जब इसकी भनक पति संजय लोहरा को लगी, तब पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर संजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए बकायदा सुपारी (पैसा) दी गई।

बहाने से उतारा मौत के घाट

साजिश के तहत 18 जून, 2026 को पत्नी सुबोधनी ने शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर संजय को बुंडू ताऊ बुलाया। वहां से दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोनाहातु के लिए निकले। रास्ते में सोनाहातु थाना क्षेत्र के आड़िया सतिया नदी के पास पत्नी ने शौच का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल रुकवाई और खुद नदी किनारे चली गई।

इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी रमन कुमार सेठ और उसके दो साथी ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। संजय लोहरा की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

सिर और धड़ किया अलग

हत्या के बाद आरोपी शव को ऑल्टो कार में डालकर बुंडू के सुमानडीह जंगल ले गए, जहां उन्होंने धारदार हथियार (चापड़) से सिर को धड़ से अलग कर दिया। पहचान छिपाने के लिए धड़ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कटे हुए सिर को तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन जंगल में जमीन के नीचे गाड़ दिया।

गुमराह करने का प्रयास

मृतक की मोटरसाइकिल को पुलिस को गुमराह करने के लिए बबईकुढ़ी के पास लावारिस छोड़ दिया था। दंडाधिकारी और एफएसएल टीम की मौजूदगी में पुलिस ने दफनाए गए सिर को बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अनुसंधान जारी है।

जांच टीम में शामिल:

इस सफल उद्भेदन में बुंडू के SDPO ओम प्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, पु०अ०नि० रंजीत कुमार महतो, पु०अ०नि० रूपलाल प्रसाद, स०अ०नि० बलेन्द्र कुमार (तकनीकी शाखा) सहित तकनीकी शाखा के आरक्षी बिरेन्द्र सिंह, रोहित सिंह मुण्डा और बुण्डू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK

स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230