भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभों के मरम्मत कार्य का शुभारंभ, डीएम और एसएसबी कमांडेंट ने लिया जायजा

अन्य राज्य देश
Spread the love

भिनगा। 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण एवं श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्ण गर्ग ने भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया।

यह कार्य 62वीं वाहिनी एसएसबी भिनगा अंतर्गत सीमा चौकी भरथा के कार्यक्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 634/7 से प्रारंभ किया गया।


इस दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसबी कमांडेंट ने सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सीमा स्तंभों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को कार्य समयबद्ध एवं मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।


भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी अन्नपूर्ण गर्ग ने एसएसबी सीमा चौकी सुइयां, भरथा, हाकिमपुरवा एवं तरुशमा के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर एसएसबी जवानों द्वारा की जा रही सीमा सुरक्षा ड्यूटी एवं विभिन्न प्रचालन गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से संवाद कर उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

जिलाधिकारी ने सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसएसबी एवं प्रशासन के कई अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *