छपरा के संदीप ने बढ़ाया जिले का मान, मेंस टी-20 विश्व कप के प्रसारण से जुड़े

बिहार देश
Spread the love

छपरा (सारण)। शहर के मासूमगंज मोहल्ले से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन तक अपनी पहचान बनाने वाले संदीप कुमार ने जिले और राज्य का मान बढ़ाया है।

मासूमगंज निवासी, सत्यनारायण प्रसाद एवं प्रेम देवी के तृतीय पुत्र संदीप कुमार इस वर्ष आयोजित होने वाले मेंस टी-20 विश्व कप 2026 के प्रसारण से जुड़कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

7 फरवरी से शुरू होने वाले इस विश्व स्तरीय क्रिकेट महाकुंभ में संदीप कुमार एसोसिएट प्रोड्यूसर की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह चयन न केवल उनकी प्रतिभा और अनुभव का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि बिहार की मिट्टी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्षमता मौजूद है।

संदीप कुमार पिछले 8 वर्षों से मुंबई में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से लेखन और निर्देशन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। रचनात्मकता और शब्दों की गहरी समझ के कारण उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। अब तक उनकी पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जो साहित्यिक जगत में उन्हें एक सशक्त हस्ताक्षर के रूप में स्थापित करती हैं।

विश्व पुस्तक मेला 2025 में उनका कविता संग्रह “तुम कहां चली गई” रिलीज हुआ था, जिसे पाठकों का जबरदस्त प्रेम मिला और यह पुस्तक बेस्ट सेलर सूची में भी शामिल रही। यह उपलब्धि उनके साहित्यिक कद को और ऊंचाई प्रदान करती है।

विश्व कप से अपने जुड़ाव को लेकर संदीप कुमार ने बताया कि भोजपुरी भाषा में प्रसारित होने वाले वर्ल्ड कप कार्यक्रम के लिए कंटेंट लेखन, खिलाड़ियों के जीवन और प्रदर्शन पर आधारित लेख, उनकी परफॉर्मेंस पर कविताएं, साथ ही एडिटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी वे निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्व कप जैसे बड़े मंच पर भोजपुरी भाषा और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है।

बताते चलें कि, इससे पूर्व भी संदीप कुमार आईपीएल जैसे प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजन में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उनके अनुभव और कार्यकुशलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

संदीप कुमार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके परिवारजनों, शुभचिंतकों और पूरे छपरा शहर में खुशी की लहर है। लोग इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बता रहे हैं। संदीप की यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *