Jharkhand: मिड डे मील में मिली छिपकली, 47 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, मचा हड़कंप

झारखंड
Spread the love

दुमका। झारखंड के दुमका जिले से बड़ी खबर आई है, मसलिया के प्लस टू उच्च विद्यालय मोहनपुर के 47 बच्चों की तबीयत मिड-डे मील खाने से बिगड़ गयी है। छिपकली गिरने से भोजन विषाक्त हो गया था। सभी बीमार बच्चों को घटना के बाद एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया।

इलाज के बाद सभी खतरे से बाहर हैं। कुछ बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इस स्कूल में पहली से बारहवीं तक पढ़ाई होती है। मध्याह्न भोजन करने से बीमार सभी बच्चे आठवीं कक्षा तक के हैं।

अभिभावक जॉन मरांडी ने बताया कि भोजन में छिपकली गिरी थी। उसी भोजन को बच्चों के बीच परोसा गया। बच्चों ने जैसे-जैसे खाना खाया, उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। छोटे-छोटे बच्चों को पहले उल्टी होने लगी। कुछ बच्चों के पेट व गला में दर्द होने लगा।

बच्चों के बीमार पड़ने की सूचना मिलते ही अभिभावक स्कूल पहुंच गये। एक अभिभावक सहदेव हांसदा ने बताया कि रयोइया और प्रभारी प्रधानाध्याक इसके लिए जिम्मेदार हैं।

गनीमत रही कि बच्चों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। शिक्षकों और रसोइया पर कार्रवाई होनी चाहिए। अष्टम के छात्र बाबू सोना मरांडी एवं राजकिशोर टुडू ने बताया कि भोजन में छिपकली पड़ी थी। उसी खाने का वितरण किया जा रहा था। जब तक खाने के लिए मना किया। तब तक कई बच्चे खाना खा चुके थे।

डीएसई आशीष कुमार हेम्ब्रम ने बताया कि एक जांच टीम गठित कर पूरे प्रकरण की जांच करायी जायेगी। दोषी पाये गये शिक्षकों और रसोइया के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

इसकी सूचना पाकर बीडीओ मो. अजफर हसनैन, प्रमुख बासुदेव टुडू, सीओ रंजन यादव, विधायक प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचकर बच्चों की सेहत के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों को बेहतर इलाज के लिए कहा गया।

सूचना पाकर सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह भी पहुंचे और बच्चों की सेहत की जानकारी ली। पूर्व मंत्री डॉ लुईस मरांडी भी मसलिया सीएचसी पहुंचीं। बच्चों एवं उनके अभिभावकों से बात कीं।