
महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पुणे से बड़ी खबर आई है, जहां भारी बारिश के बीच एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। यह हेलीकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था। इसमें पायलट और तीन यात्री सवार थे। हादसे में पायलट जख्मी हुए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी तीनों लोगों को ज्यादा चोट नहीं आई हैं। चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।
घटना के बाबत पुणे ग्रामीण के एसपी पंकज देशमुख ने बताया कि पुणे जिले के पौड गांव के पास एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हेलीकॉप्टर में 4 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि यह हेलीकॉप्टर मुंबई से हैदराबाद जा रहा था। देशमुख ने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार 4 लोगों में से कैप्टन को चोटें आईं और वह अस्पताल में भर्ती हैं। बाकी तीन लोगों की हालत स्थिर है।
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर, AW 139, ने मुंबई के जुहू से उड़ान भरी थी और हैदराबाद जा रहा था जब यह पौड इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में कैप्टन आनंद घायल हुए हैं। जबकि उनके साथ तीन पैसेंजर्स की पहचान धीर भाटिया, अमरदीप सिंह और एसपी राम के तौर पर हुई है।