रांची। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले 16 फरवरी को एक दिवसीय झारखंड दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। राज्य के सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। राज्य में चल रहे सामाजिक कार्यों की प्रगति और नए प्रयासों की जानकारी ली।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके मंत्रालय के कार्यक्षेत्र और सामाजिक न्याय को गति प्रदान करने के लिए 11,689 करोड़ का बजट इस मंत्रालय को इस वित्तीय वर्ष में उपलब्ध कराया गया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष से 28 फीसदी अधिक है।
राज्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय देश के 85% आबादी को कवर करता है। एससी, एसटी, दिव्यांगजन, ओबीसी और स्वर्ण वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक राहत पहुंचाने में कार्यरत है।
श्री आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार किसान, वंचित, आदिवासी, महिला, बुजुर्गों आदि समेत सभी वर्गों को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
लॉकडाउन के दौरान चालू पीएम गरीब कल्याण योजना के लाभ को बताते हुए उन्होंने बताया कि जन धन खातों के माध्यम से 41 करोड़ से अधिक खातों में 1 लाख 38 हजार 400 करोड़ से अधिक रुपए गरीबों के लिए दिए गए।
झारखंड में भी एक करोड़ 53 लाख खातों में 4032 करोड़ रुपए लोगों को वितरित किए गए। राज्यमंत्री ने पीएम मुद्रा लोन योजना, उज्ज्वला योजना एवं पीएम आवास (शहरी एवं ग्रामीण) योजना से भी लोगों को हुए फायदे को विस्तार से बताया।