नई दिल्ली। पत्नी कल्पना सोरेन के साथ देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर इसकी तस्वीर भी साझा की है। वहीं, उन्होंने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी भेंट की।
यहां बताते चलें कि, हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए हेमंत सोरेन ने तीसरी बार झारखंड के सीएम पद की शपथ ली है। एक दिन पहले हेमंत ने वाराणसी के मंदिरों में पूजा-अर्चना की और वहां की गलियों में घूमे। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी साझा की हैं।
इसके पहले हेमंत दिल्ली में कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व से भी मुलाकात कर चुके हैं। राज्य में इसी वर्ष विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। जिसकी तैयारी में सभी दल जुटे हैं।
झारखंड में विधानसभा 81 सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। महागठबंधन में झामुमो, कांग्रेस और राजद साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। वहीं भाजपा और आजसू साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
इसके इतर प्रदेश में एक नया गठबंधन सामने आ रहा है। बिहार और केंद्र में एनडीए के सहयोगी दल नीतीश कुमार की जदयू ने भाजपा से अलग हुए सरयू राय की पार्टी भारतीय जन मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।