
रांची। बड़ी खबर आ रही है, झारखंड में चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच 8 विधायक दिल्ली पहुंच गए हैं। दो विधायक आज यानी रविवार को पहुंच जाएंगे। बता दें कि, झारखंड में शपथ लेने के बाद से ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की सरकार पर हर दिन संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ईडी की कार्रवाई के बाद हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था।
वहीं, अब कांग्रेस के विधायक मंत्रिमंडल विस्तार के बाद 16 में से 12 विधायक मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन से नाराज हो गए हैं। यह सभी चंपाई की सरकार में शामिल कांग्रेस कोटे के चारों मंत्रियों को हटाने की मांग कर रहे हैं। चंपाई सरकार से नाराज विधायक अब आलाकमान से मिलने के लिए दिल्ली पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस के इन विधायकों ने रवाना होने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई और मंत्री बसंत सोरेन से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक चली मुलाकात के बाद कांग्रेस विधायक यहां से सीधे एयरपोर्ट पहुंच गए। इस स्थिति को देखते हुए यह माना जा रहा है कि बसंत सोरेन कांग्रेस के नाराज विधायकों को नहीं मना पाए।
मंत्री बंसत सोरेन ने कहा कि, कोई नाराजगी नहीं है। कुछ शंकाएं थीं, उसे दूर करने का प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी इसके साथ दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कोई खतरे की बात नहीं है। कोई डर नहीं है। जल्द मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात होगी।
झारखंड में चल रही राजनीतिक उठापटक के बीच 8 विधायक दिल्ली पहुंच गए हैं। दो विधायक रविवार को पहुंच जाएंगे। इसके बाद सभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस विधायक अनूप सिंह ने बताया कि 10 विधायक दिल्ली जा रहे हैं, जहां कांग्रेस आलाकमान से सभी बात करेंगे और वहां से जो भी निर्देश मिलेगा, उसी हिसाब से काम होगा।
चंपाई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कांग्रेस विधायक तो नाराज ही हैं हेमंत सोरेन गुट के भी कुछ विधायक नाराज बताए जा रहे हैं। फिलहाल इस फेहरिस्त में कौन शामिल हैं, यह बात तो सामने नहीं आई, लेकिन अंदर खाते विरोध जबरदस्त हो रहा है। चंपाई सोरेन को मुख्यमंत्री बने 12 दिन ही बीते, लेकिन बगावत शुरू हो गई है।