राशन डीलर की मनमानी के खिलाफ ग्रामीणों ने प्रखंड कार्यालय में किया हंगामा

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। राशन डीलर की मनमानी से तंग आकर जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मझिगावां गांव के लाभुकों ने कांडी प्रखंड कार्यालय में 19 अक्‍टूबर को जमकर हंगामा किया। लाभुकों ने डीलर पर अनाज की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया।

लाभुकों ने कहा कि माझिगावां गांव के आजाद नगर टोला निवासी रामनरेश राम जन वितरण प्रणाली विक्रेता (लाइसेंस नंबर 03/11) हैं। उनके द्वारा कार्डधारी के साथ मनमानी की जा रही है। डीलर द्वारा अगस्त व सितंबर माह के राशन का उठाव कर लिया गया है। लाभुकों से बायोमेट्रिक मशीन पर दोनों महीने का अंगूठा लगवा लिया गया है। लेकिन डीलर ने सिर्फ अगस्त महीने का ही राशन दिया। कहा कि उसे ब्लॉक से केवल एक महीना का ही राशन मिला है।

लाभुकों ने कहा कि दो वर्षों से लगातार भीषण अकाल के कारण तमाम लोग भुखमरी के शिकार हैं। घरों में अन्न के लाले पड़े हैं। ऐसी हालात में उन्होंने तय किया है कि हर हाल में अगस्त और सितंबर दोनों महीने का राशन लेंगे। फिर सभी ने प्रखंड कार्यालय का रुख किया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर डीलर बदलते हुए नियमित रूप से राशन दिलाने की गुहार लगाई।

प्रखंड प्रशासन से अनाज की मांग करने वालों में मीना देवी, चिंता देवी, मुनिता देवी, मंजू देवी, सुनीता देवी, मुनिया देवी, जीरा देवी, कृष्णा सिंह, पिंटू पासवान, धनंजय, श्रवण पासवान, सूर्य देव यादव, रामकुमार रजवार, रोहित कुमार रजवार, राकेश बियार सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं। मझिगावां पंचायत मुखिया प्रतिनिधि शम्भूनाथ साह और पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुनील यादव ने भी ग्रामीणों को नियमित रूप से राशन दिलाए जाने की मांग की है।

इस बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित प्रसाद सिंह ने कहा कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकु पांडेय लाभुकों को राशन से सम्बंधित शिकायत को लेकर उक्त डीलर के पास पहुंचे। डीलर को कड़ी फटकार लगाते हुए लाभुकों को राशन देने का निर्देश दिया।

पूछे जाने पर डीलर ने बताया कि गोदाम से ही मुझे कम राशन मिलता है। उन्होंने कहा कि लाभुक को हर हाल में मनाएंगे और कर्तव्य निभाएंगे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।