रथ यात्रा देखकर लौट रहे युवकों को वाहन ने कुचला, दो की मौत

अन्य राज्य देश
Spread the love

संजय सिन्‍हा

सुंदरगढ़ (ओडिशा)। रथ यात्रा देखकर लौट रहे युवकों को अज्ञात भारी वाहन ने कुचल दि‍या। कोईडा प्रखंड अंतर्गत साकाशाही ग्राम के मुख्य मार्ग पर घटी घटना में दो युवकों की मौत हो गई। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया है। घटना बुधवार की शाम करीब 7.30 बजे घटी।

स्‍थानीय लोगों के मुताबिक कोईडा से बाहुड़ा रथ यात्रा देखकर युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इस क्रम में साकाशाही ग्राम के मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे एक भारी वाहन से टकराने से वे गिर गए।

गिरने के बाद एक अज्ञात उन्‍हें वाहन कुचलते हुए फरार हो गया। बताया जाता है कि उक्त भारी वाहन आर्सेलर मितल द्वारा संचालित सागाशाही लौह अयस्क खदान में लोडिंग के लिए आया था।

इस दुर्घटना में दो युवकों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से निकट के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। बाद में बेहतर चिकित्सा के लिए राउरकेला रेफर किया गया।

मृत युवक के शव को मुख्य मार्ग में रखकर आक्रोशित परिवार वाले एवं स्थानीय ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर लगभग 10 घंटे सड़क जाम किया। खदान के कार्यों को रोका। प्रशासनिक और कंपनी के अधिकारियों की पहल पर मुआवजे की मांग मानने के बाद जाम हटा।

मृतक की पहचान कोईडा प्रखंड की मालदा पंचायत के कलमंग जगदीश देउरी, अजीत मुंडा के रूप में हुई। गंभीर रुप से घायल युवक का नाम विक्रम मुंडा है।