झारखंड के डॉक्टरों ने हेमंत सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, जानें पूरा मामला

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड के डॉक्टरों ने हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डॉक्टरों ने 20 अगस्त 2024 से बायोमेट्रिक अटेंडेंस का विरोध करने का फैसला ले लिया है।

डॉक्टर ऑफलाइन के माध्यम से रजिस्टर पर अपना अटेंडेंटस बनायेंगे। यह फैसला रविवार को करमटोली चौक स्थित आइएमए भवन में आयोजित स्टेट आइएमए और झासा की संयुक्त बैठक के बाद लिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग को बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम से छूट दी जाए।

स्टेट आइएमए के सचिव डॉ प्रदीप सिंह और झासा के सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बायोमेट्रिक अटेंडेंस के लिए ऑनलाइन पोर्टल लागू किया गया है। इसमें बायोमेट्रिक से अटेंडेंस नहीं बनाने वाले डॉक्टरों और पारा मेडिकल कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जायेगा। उन्होंने कहा कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद अनुशासनात्मक और वेतन कटौती जैसी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि संगठन बायोमेट्रिक का विरोध नहीं करता है, लेकिन साहिबगंज, गढ़वा और पलामू में इसको वेतन से जोड़ दिया गया है। इसी के आधार पर वहां वेतन कटौती की कार्रवाई की गयी है। उन्होंने आगे कहा कि डॉक्टरों में इसी को लेकर आक्रोश है।

पुलिस विभाग को आकस्मिक सेवा मानते हुए बायोमेट्रिक अटेंडेंस से छूट दी गयी है। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से मांग की है कि स्वास्थ्य विभाग को भी बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम से छूट दी जाये या स्वास्थ्य विभाग को आकस्मिक सेवा में नहीं रखने की घोषणा की जाए।