दिल्ली में दो अग्निकांड: 7 नवजात समेत 10 की मौत, पीएम ने जताया दुख, की ये घोषणा

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विवेक विहार से दिल को झकझोर देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बेबी केयर सेंटर में आग लगने से 7 बच्चों की मौत हो गई है।

घटना के बाबत दिल्ली अग्निशमन सेवा की ओर से बताया गया कि हादसे में कुल 12 बच्चों को बचाया गया, जिनमें से 7 की मौत हो गई। एक बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया था। 4 अन्य अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि विवेक विहार स्थित न्यू बोर्न बेबी केयर अस्पताल में कल देर रात भीषण आग लग गई थी।

बताया जा रहा है कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को रात 11.32 बजे विवेक विहार क्षेत्र के ब्लॉक बी, आईटीआई के पास, बेबी केयर सेंटर से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद नौ दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं।

अधिकारियों की ओर से जानकारी दी गई कि बिल्डिंग से 12 नवजात शिशुओं को रेस्क्यू किया गया। दिल्ली फायर विभाग की मानें तो, बेबी केयर सेंटर 120 गज की बिल्डिंग में निर्मित था। पहले तल्ले से 12 बच्चों को रेस्क्यू कराया गया, जिसमें से 7 बच्चों की अस्पताल में मौत हो गई। आग किस वजह से लगी, इसके कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि विवेक विहार स्थित न्यू बोर्न बेबी केयर हॉस्पिटल का मालिक नवीन किची को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह  पश्चिम विहार का रहने वाला है।  मामले में धारा 336 और 304ए के तहत एफआईआर दर्ज की गयी है।

इधर, दिल्ली के कृष्णा नगर में कल तड़के करीब 2 बजे एक इमारत में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। डीएफएस यूनिट द्वारा सात लोगों को सुरक्षित बचाया गया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में बच्चों के अस्पताल में आग लगने की घटना हृदय विदारक है। कारणों की जांच की जा रही है, लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने से बच्चों की मौत होने की घटना को हृदय विदारक बताया है। इसके साथ ही उन्होंने शोक संतप्त अभिभावकों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। राष्ट्रपति ने कहा कि मैं इस घटना में घायल हुए अन्य शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्वी दिल्ली के एक अस्पताल में आग लगने की घटना को हृदय विदारक बताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार के लिए दो-दो लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की। जबकि प्रत्येक घायल को 50,000-50,000 रुपये दिए जाएंगे।