महिला समिति के सदस्यों से डेढ़ लाख रुपए की लूट, जानें पूरा मामला

झारखंड अपराध
Spread the love

सिल्ली। बैंक से महिला समिति के खाते से रुपये निकासी कर घर जा रही महिला समिति के सदस्यों से अज्ञात व्यक्ति के द्वारा डेढ़ लाख रुपए लूट कर भाग निकलने का एक मामला प्रकाश में आया है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार लगभग 3 बजे सिल्ली थाना अंतर्गत सिल्लीडीह लोहरा टोला निवासी कमल महिला समिति की अध्यक्ष, गुड़िया देवी, सचिव सुशीला देवी एवं कोषाध्यक्ष विलासी देवी तीनों महिलाएं बैंक ऑफ इंडिया की सिल्ली शाखा से समिति के खाते से डेढ़ लाख रुपए निकासी कर घर जा रही थीं।

इसी क्रम में सिल्ली स्टेशन के पुराना पश्चिमी केबिन के समीप पहले से घात लगाए अज्ञात व्यक्ति ने रुपए की थैला छीन लिया और भाग निकला। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर रांची की ओर भाग निकला। इस क्रम में महिलाओं ने उसका पीछा कर पकड़ने की कोशिश की, जिससे उस अज्ञात व्यक्ति का तोलिया एवं चप्पल उसी जगह छूट गया।

महिलाओं ने तुरंत आकर घटना की जानकारी बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक को दी। घटना की सूचना पाकर सिल्ली पुलिस बैंक पहुंची एवं सीसी टीवी फुटेज को खंगाला। इसमें एक व्यक्ति काफी देर से बैंक पर बैठा दिख रहा है।

बैंक से महिलाओं के निकलने के बाद कुछ दूरी पर उसका पीछा कर वापस लौटते हुए देखा गया। सिल्ली पुलिस ने इस मामले को रेल पुलिस को अग्रसारित कर दिया। इधर घटना के बाद महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।