फिर आतंकी हमला, 11 बस यात्रियों को अगवा कर मार दी गोली

दुनिया
Spread the love

पाकिस्तान। इस समय बड़ी खबर पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत से आ रही है, जहां अज्ञात आतंकवादियों ने कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी, जिसमें नौ बस यात्री शामिल हैं।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि पहली घटना में सशस्त्र हमलावरों ने शुक्रवार को नोश्की जिले में एक राजमार्ग पर एक बस रुकवायी और बंदूक का डर दिखाकर नौ पुरुषों का अपहरण कर लिया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘बाद में इन नौ पुरुषों के शव नजदीकी पर्वतीय इलाके में एक पुल के समीप मिले और उनके शरीर पर गोलियों के निशान पाए गए।’’

उन्होंने बताया, ‘‘यह बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी, तभी सशस्त्र हमलावरों ने बस रुकवाई और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ पुरुषों को अगवा करके पर्वतीय इलाकों में ले गए।’’

एक अन्य घटना में इसी राजमार्ग पर एक कार पर गोलीबारी की गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोश्की राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इन आतंकवादियों का उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति भंग करना है। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल वक्त में मृतक के परिवारों के साथ है।

बता दें कि, किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस साल हाल के हफ्तों में प्रांत में प्रतिबंधित संगठनों और आतंकवादियों द्वारा आतंकी हमलों में वृद्धि हुई है, जिसमें सुरक्षा बलों और प्रतिष्ठानों को भी खुलेआम निशाना बनाया गया है।

प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने हाल के हफ्तों में प्रांत में माच शहर, ग्वादर बंदरगाह और तुरबत में एक नौसैनिक अड्डे पर तीन बड़े आतंकी हमले करने का दावा किया है, जिसमें सुरक्षा बलों ने लगभग 17 आतंकवादियों को मार गिराया।