- बीएयू कुलपति डॉ. सुनील चन्द्र दुबे, सुबोधकांत सहाय और नवीन जयसवाल ने किया उद्घाटन
रांची। सरना समिति कांके क्षेत्र के तत्वावधान में सरना मैदान में झारखंड स्तरीय सरहुल पूर्व संध्या नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन 10 अप्रैल को किया गया। कार्यक्रम से पहले कांके मौजा के पाहन महादेव पाहन ने पारंपरिक रीति-रिवाज व विधि-विधान से अराध्य देवी धरती माता, ग्राम देवता, व सरना माता की पूजा की।
अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर
मुख्य अतिथि बीएयू कुलपति डॉ. सुनील चन्द्र दुबे, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक नवीन जयसवाल ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। डॉ. सुनील चन्द्र दुबे ने सरहुल पर्व की शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज जन्मतः एवं स्वभावतः प्रकृति से प्रेम एवं पूजा करते हैं। यह पर्व झारखंड सहित पड़ोस के राज्यों में मनाया जाने वाला आदिवासी समाज का अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है।
भारतीय संस्कृति महान
विशिष्ट अतिथि सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भारतीय संस्कृति व सभ्यता पूरे विश्व में महान है। इसकी महानता इस बात से है कि वह जीवन जीने के तौर तरीके व समाज के प्रति अपने कर्तव्य निर्वाह्न का सीख देता है। भारतीय संस्कृति से जुड़े जो भी पर्व त्योहार है, वे समाज के लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारा के साथ साथ बेहतर वातावरण तैयार करने का संदेश देता है। इसी तरह प्रकृति से जुड़ा पर्व सरहुल भी प्रकृति की रक्षा का संदेश देता है।
पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया
इसके अलावा अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, हटिया विधायक नवीन जयसवाल, प्रेमशाही मुंडा, सुरेश कुमार बैठा, प्रमुख सोमनाथ मुंडा, अनील टाइगर, हरिनाथ साहू ने भी अपना विचार रखे। रंगारंग कार्यक्रम से पूर्व कांके क्षेत्र के विभिन्न खोड़हा मंडली द्वारा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया गया।
सैकड़ों ने लिया आनंद
इसके बाद झारखंड के मशहूर कलाकार पवन रॉय, नितेश कच्छप, कवि किशन, रुपा, अनीता बाड़ा, राजू केरकेट्टा, पंकज उरांव, राज मौर्य सहित अन्य कलाकारों ने नागपुरी गीत संगीत का रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सैकड़ों लोगों ने इसका आनंद लिया।
शॉल देकर सम्मानित किया
इस अवसर पर समिति द्वारा दर्जनों बुद्धिजीवियों व संरक्षकों को पगड़ी पहनाकर व शॉल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में अध्यक्ष रंजीत टोप्पो, उपाध्यक्ष सोहराई टोप्पो, महासचिव बिनोद सांगा, कोषध्यक्ष देवा उरांव, एतवा गाड़ी, महादेव उरांव, कैलाश उरांव, अमर तिर्की, डॉ. प्रकाश उरांव, सुरज टोप्पो, फुलमनी टोप्पो, डॉ. बसंत उरांव, फागू उरांव, राजू उरांव, अनुराधा टोप्पो, सुमित्रा टोप्पो ने सक्रिय योगदान दिया।
सरहुल शोभायात्रा कल
सरना समिति अध्यक्ष रंजीत टोप्पो ने बताया कि 11 अप्रैल को सरहुल शोभायात्रा निकाली जायगी। इसमें कांके क्षेत्र के विभिन्न गांवों के खोड़हा मंडली द्वारा पारंपरिक परिधान में कांके सरना मैदान पहुंचेंगे।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat।whatsapp।com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8