रांची। कल्पना सोरेन सोमवार (29 अप्रैल 2024) को गांडेय उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री बसंत सोरेन समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद रहेंगे। आज यानी रविवार को गिरिडीह झामुमो जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने ये बातें कहीं।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन रविवार को हेलीकॉप्टर से गिरिडीह पहुंचीं। वे उत्सव उपवन में रात्रि विश्राम करेंगी और सोमवार को पर्चा दाखिल करेंगी। झामुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि 29 अप्रैल को कल्पना सोरेन नामांकन दाखिल करने को लेकर सड़क मार्ग से समाहरणालय के लिए निकलेंगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष 12.30 बजे से लेकर एक बजे के बीच नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन 29 अप्रैल को 11 बजे गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद कल्पना सोरेन के साथ नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए समाहरणालय जाएंगे।
कल्पना सोरेन के नामांकन के दौरान मंत्री बसंत सोरेन समेत इंडिया गठबंधन के नेता मौजूद रहेंगे। नामांकन के बाद पपरवाटांड़ फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा को मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, कल्पना सोरेन समेत गठबंधन के नेता संबोधित करेंगे। जनसभा में इंडिया गठबंधन के तमाम नेता मंच साझा करेंगे।
पूर्व कार्यक्रम के तहत नामांकन से पहले सभी धार्मिक स्थलों पर कल्पना सोरेन के माथा टेकने का कार्यक्रम था, लेकिन उनके चाचा ससुर (शिबू सोरेन के भाई) का निधन होने के कारण छुतका हो गया है।
इस कारण माथा टेकने के लिए धार्मिक स्थलों में जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। 29 अप्रैल को कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा क्षेत्र के गांडेय और बेंगाबाद में चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद 30 अप्रैल को गांडेय विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगी।
बता दें कि, गांडेय उपचुनाव के लिए नामांकन करने को लेकर रविवार को झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन हेलीकॉप्टर से गिरिडीह हवाई अड्डा पहुंचीं। यहां पर राज्य सभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद, गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू एवं झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने उनका स्वागत किया। यहां से वह उत्सव उपवन गयीं।